हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। गर्मी से न केवल मैदानी इलाके तपे हैं, बल्कि पहाड़ भी तप गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज से दो दिन भारी बारिश व ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक आज और कल प्रदेश के कई इलाकों में मौसम के बारिश व ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इस दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहुल -स्पीति में बारिश होने की आशंका जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरिंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है, जिससे दो दिन ओरेंज अलर्ट और उसके बाद आगामी दो दिन प्रदेश में यलो अलर्ट रहेगा।





