धर्मशाला 12 फरवरी, 2023 भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर से टेस्ट सीरीज़ का आगाज़ हो गया है। अभी पहला टेस्ट मैच ही खत्म हुआ है, जबकि तीसरा टेस्ट मैच सुर्खियां बटोर रहा है। माना जा रहा है कि धर्मशाला से तीसरा टेस्ट मैच शिफ्ट हो सकता है, अब इसे मोहाली में करवाया जा सकता है। बता दें कि तीसरा टेस्ट मैच 1 से 5 मार्च के बीच होना है। भारत और ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट- 9 से 13 फरवरी, नागपुर
दूसरा टेस्ट- 17 से 21 फरवरी, दिल्ली
तीसरा टेस्ट- 1 से 5 मार्च, धर्मशाला
चौथा टेस्ट- 9 से 13 मार्च, अहमदाबाद क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, धर्मशाला का ग्राउंड अभी पूरी तरह से तैयार नहीं है और वहां पर इंटरनेशनल क्रिकेट आयोजित नहीं किया जा सकता है। ऐसे में बीसीसीआई को आखिरी वक्त पर वेन्यू चेंज करने का कड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। धर्मशाला के स्टेडियम को दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम में एक माना जाता है, जो चारों ओर ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है। जब ऐलान हुआ कि बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट यहां खेला जाएगा, तो हर क्रिकेट फैन में उत्साह था। लेकिन अब यह संभव होता नहीं दिख रहा है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में आखिरी फर्स्ट क्लास मैच साल 2020 में हुआ था, उसके बाद इस मैदान पर कंस्ट्रक्शन शुरू हो गया था. यहां नई आउटफील्ड और नया ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जा रहा है। उम्मीद थी कि इस साल के शुरुआत तक यह काम हो जाएगा, लेकिन धर्मशाला में लगातार हुई बारिश ने इसमें देरी करवा दी। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा बताया गया है कि उन्हें उम्मीद है कि मैच की तारीख तक स्टेडियम तैयार हो जाएगा, हालांकि बीसीसीआई की जांच के बाद ही अंतिम फैसला हो पाएगा। माना जा रहा है कि मोहाली के अलावा विशाखापट्टनम, राजकोट और पुणे जैसे शहर भी रिपेल्समेंट की रेस में हैं।






