शिमला 24 मई,प्रदेश कांग्रेस कल 25 मई को सभी जिला मुख्यालयों में पेट्रोल डीजल के बढ़ते मूल्यों के विरोध में केंद्र की भाजपा नेतृत्व सरकार के के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला अध्यक्षों से इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों,
अग्रणी संगठनों व विभागों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए बढ़ती महंगाई के विरुद्ध एकजुट होकर आगे आने को कहा है।
विनय कुमार ने तेल कंपनियों द्वारा हर रोज बढ़ते पेट्रोल व डीजल के मूल्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि केंद्र की मोदी सरकार ने तेल कम्पनियों को देश के लोगों को लूटने की खुली छूट दे दी है। तेल के बढ़ते मूल्यों से देश हर रोज महंगाई की दल दल में फंसता जा रहा है। पेट्रोल डीजल के बढ़ते मूल्यों से आवश्यक वस्तुओं के भाव भी आसमान छूने लगे है।
विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा तेल के बढ़ते दामों पर पूरी तरह खामोश बैठी है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि भाजपा केवल राजनीति कर लोगों की भावनाओं से खेलती है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस देश के साथ हो रहें अन्याय के खिलाफ लोगों के साथ खड़ी है और किसी भी आंदोलन से पीछे हटने वाली नही।
———————-
विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि नगर निकायों के चुनाव परिणामों से भाजपा हताशा में है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में भाजपा विघटन की ओर तेजी से बढ़ रही है।
विनय कुमार ने दावा किया है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा है कि भाजपा हमेशा ही झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती रही है पर अब वह इसमें सफल नही होगी




