शिमला (हिमदेव न्यूज़) 08 नवंबर, 2022 हिमाचल प्रदेश में अब छह दिन सवारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। कारण यह है कि एचआरटीसी की 2400 बसों की ड्यूटी पोलिंग बूथों के लिए लगाई हैं। ये बसें पोलिंग पार्टियों को लेकर जाएंगी। आठ नवंबर यानी आज से लेकर 12 नवंबर 2022 तक सरकारी बसें अब रूटों पर कम ही दिखने वाली हैं। इस संबंध में चुनाव आयोग ने आदेश दिये हैं और चुनावी ड्यूटी के लिए लगाई जाने वाली बसों की संख्या सुनिश्चित कर दी गई है। इसके लिए नोडल परिवहन अधिकारी ने सभी आरएम से मीटिंग कर एक प्लान भी तैयार कर लिया है। ये बसें जहां से पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों से छोड़ने जाएंगी वहां से मतदान खत्म होने पर बाद में उन्हें वापस छोड़ेंगी भी। इसके अतिरिक्त ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने के लिए भी मौजूद रहेंगी। इसके हिमाचल पथ परिवहन निगम चालकों और परिचालकों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। शिमला की 232 बसें चुनावी ड्यूटी पर लगेंगी। इसमें रामपुर के लिए 30 बसें, ठियोग के लिए 35, जुब्बल कोटखाई के लिए 27, चौपाल के लिए 30, शिमला शहरी के लिए 11 और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के लिए 22 बसें चुनावी ड्यूटी पर हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए औसतन 3 बसें रिजर्व में रखी गई। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 0177.2800111 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं निगम की बसों में जीपीएस लगाया गया है, ताकि बसों को ट्रैक कर पता लगाया जा सके।







