सबकी खबर , पैनी नज़र

August 4, 2026 8:22 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

August 4, 2026 8:22 am

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री से भेंट की

शिमला (हिमदेव न्यूज़) 26 अगस्त 2022 शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस दौरान सुरेश भारद्वाज ने रेल मंत्री से हिमाचल प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करने के लिए विशेष सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने रेल मंत्री को अवगत करवाया कि शिमला शहर में कुछ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के कार्य रेलवे की भूमि पर पूर्ण किए जाने हैं। इनमें प्रदेश विधानसभा के निकट 230 मीटर फ्लाईओवर की महत्वाकांक्षी परियोजना भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर के निर्माण से शिमला शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी। सुरेश भारद्वाज ने रेल मंत्री को बताया कि शिमला में यातायात व्यवस्था में और सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से शहर में 12 किलोमीटर से अधिक सड़कों को चौड़ा किया गया है। प्रदेश विधानसभा के निकट सड़क चौड़ीकरण की संभावना नहीं है। इसलिए वहां फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री के साथ उनकी पिछली बैठक के दौरान इस मामले पर विस्तृत चर्चा हुई थी।इस मुद्दे पर त्वरित हस्तक्षेप के लिए रेल मंत्री की सराहना करते हुए सुरेश भारद्वाज ने कहा कि रेलवे की टीम ने फ्लाईओवर के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी कर लिया है। सुरेश भारद्वाज ने केंद्रीय रेल मंत्री को यह भी बताया कि टूटू में प्रस्तावित ओवर ब्रिज से संबंधित ड्राइंग अंबाला स्थित उत्तर रेलवे कार्यालय में जमा करवा दी गई है। जबकि, प्रदेश विधानसभा के निकट प्रस्तावित फ्लाईओवर की ड्राइंग शीघ्र जमा करवा दी जाएगी।