Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

नगरोटा बगवां के विकास के लिए 32 करोड़ रुपये स्वीकृत: विक्रमादित्य सिंह

धर्मशाला, 19 नवंबर: शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नगर निगम धर्मशाला के समृद्धि भवन में शहरी विकास विभाग के अधिकारियों के साथ जिला कांगड़ा के विभिन्न शहरी निकायों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करने तथा शहरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
धर्मशाला स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि शहर में सीवरेज का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य के लिए मामला भारत सरकार के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रघुवीर सिंह क्लब के समीप पार्किंग का निर्माण करने के लिए लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया गया है। उन्होंने धर्मशाला शहर की वाटिकाओं के सौंदर्यकरण तथा वहां नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही वाटिकाओं में वाटर कूलर स्थापित करने के लिए कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक से संपर्क करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि पालमपुर नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में 2 हजार अतिरिक्त सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं तथा पुरानी लाइटों की मरम्मत भी सुनिश्चित की गई है। पालमपुर नगर निगम को विशेष सहायता के रूप में 20 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। कांगड़ा शहर में 4 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देश्यीय भवन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि नगरोटा बगवां के विकास के लिए 32 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। ज्वालामुखी शहर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए एडीबी के माध्यम से 100 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। वहीं, देहरा में भी बहुउद्देश्यीय भवन का निर्माण किया जा रहा है। जबकि बीड़ क्षेत्र नगर परिषद् बनने से पहले साडा के अधीन था, शक्तियां अब जल्द ही नगर पंचायत बीड़ को स्थानांतरित कर दी जाएंगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिन शहरी स्थानीय निकायों में प्रतिदिन 20 टन से अधिक कचरा एकत्रित हो रहा है, वहां गीले कचरे के प्रसंस्करण के लिए 20 टन से अधिक क्षमता वाले बायोगैस प्लांट स्थापित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने सभी शहरी स्थानीय निकायों को निर्देश दिए कि शहरों की विकास योजनाएं तैयार करते समय वहां की ऐतिहासिक धरोहरों, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और विशिष्ट पहचान वाले स्थानों के विकास एवं सौंदर्यकरण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि शहरी क्षेत्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
सिटीजन सेवा पोर्टल पर रोजाना अपडेट होगा डाटा, इसी आधार पर तय होगी यूएलबी की परफॉर्मेंस
शहरी विकास मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शहरी स्थानीय निकाय सिटीजन सेवा पोर्टल पर प्रतिदिन अपना डाटा अपडेट करना सुनिश्चित करे। पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ही संबंधित निकायों की कार्यप्रणाली और प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित रिकवरी की वसूली तथा राजस्व सृजन के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला और पालमपुर में निगम सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो आगामी माह से नागरिकों को सेवाएं प्रदान करना शुरू कर देंगे।
बैठक में शहरी विकास विभाग के सचिव अमर पाल सिंह, निदेशक डॉ. नीरज कुमार, पालमपुर नगर निगम के महापौर एवं आयुक्त, नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल तथा विभिन्न नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Have something to say? Post your comment