Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

नौणी में विश्व मधुमेह दिवस पर जागरूकता एवं एनसीडी जांच शिविर आयोजित

सोलन 19 नवंबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सोलन द्वारा विश्व मधुमेह दिवस के पर आज ग्राम पंचायत नौणी में जागरूकता कार्यक्रम एवं गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच शिविर आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मधुमेह (डायबिटीज) की रोकथाम, समय पर पहचान, नियमित जांच एवं उचित उपचार के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य शिक्षिका पद्ममणि ने लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं नियंत्रण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है। यदि समय रहते इसकी पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जाए तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाई जाए, तो इससे होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित शारीरिक व्यायाम करने, वजन नियंत्रित रखने तथा चीनी एवं अधिक मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन में कमी लाने की सलाह दी।
इस अवसर पर बीसीसी कोऑर्डिनेटर राधा चौहान ने भी उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों, जैसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं, ताकि मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं।
एनसीडी जांच शिविर में लगभग 80 लोगों के रैंडम ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच की गई।

Have something to say? Post your comment