शिमला, 29 नवंबर 2026। भारतीय सेना की 133 इको टास्क फोर्स ने शिमला में साई इटरनल फाउंडेशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘प्राकृतिक खेती एवं रसायन मुक्त कृषि (प्राकृतिक खेती – जहर मुक्त खेती)’ में भाग लेकर प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया।इस दौरान टास्क फोर्स की ओर से एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जैविक खाद के निर्माण और कीट प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। इसके अलावा नवग्रह वाटिका और नक्षत्र वाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता के लिए एक विशेष स्टॉल भी स्थापित किया गया। इस अवसर पर गणमान्य व्यक्तियों, एनसीसी कैडेट्स और आम जनता को पौधे वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया गया।
इस पहल के माध्यम से भारतीय सेना ने पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ कृषि और सामुदायिक भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही लोगों को स्वस्थ मिट्टी, रसायन मुक्त खेती और हरित भविष्य के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।










