शिमला:29 नवंबर 2026, प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की मुहिम अब राजनीतिक बदलाव से ऊपर उठकर आगे बढ़ रही है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों, धरती और मानव स्वास्थ्य को बचाने की मुहिम है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने राजनीति से ऊपर उठकर प्राकृतिक खेती के मिशन को उसी गति से आगे बढ़ाया है, जिस गति से इसकी शुरुआत पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई थी।
रविवार को सत्य साईं मंदिर परिसर पुजारली, शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं कीटनाशक कृषि पर विशेष कार्यक्रम में आचार्य देवव्रत ने कहा कि हिमाचल में राज्यपाल के रूप में चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्हें प्रदेश के लोगों से परिवार जैसा जुड़ाव मिला। गुजरात में प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाने में हिमाचल से मिले अनुभव और सहयोग की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने रासायनिक खेती के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। हरित क्रांति के समय मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन का स्तर 2 से 2.5 प्रतिशत था, जो अब घटकर करीब 0.5 प्रतिशत रह गया है। रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी के मित्र जीवाणुओं और केंचुओं को भी नुकसान पहुंच रहा है।
देवव्रत ने बताया कि प्राकृतिक खेती में देसी गाय के गोबर और जीवामृत के इस्तेमाल से मिट्टी में सूक्ष्म जीवाणुओं की संख्या बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती के बीच अंतर भी समझाया। उन्हाेंने कहा िक जैविक खेती में बाहरी संसाधनों की जरूरत पड़ सकती है, जबकि प्राकृतिक खेती स्थानीय संसाधनों और प्रकृति आधारित प्रक्रियाओं पर निर्भर करती है। उन्होंने किसानों को जीवामृत बनाने, मल्चिंग और मल्टीक्रॉपिंग के तरीके भी बताए।
2.68 लाख किसान अपना चुके हैं प्राकृतिक खेती
कार्यक्रम में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि हिमाचल में 2,68,128 किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। 31 जुलाई 2026 तक प्रदेश में 61,156 हेक्टेयर भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही थी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति, एटीएमए और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के माध्यम से किसानों को तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है।
गेहूं, हल्दी और अदरक के बढ़ाए दाम
मंत्री ने बताया िक सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के िलए इसके उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की है। आगामी वर्ष से प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं का एमएसपी 80 से बढ़ाकर 90 रुपये और हल्दी का 150 से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलो किया जाएगा। वहीं, अदरक का एमएसपी 30 से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है।
किसानों ने भी गिनाए फायदे
कार्यक्रम में किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से रासायनिक खादों पर होने वाला खर्च कम हुआ है। भोपाल सिंह वर्मा और योगराज ठाकुर ने कहा कि इस पद्धति से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है। वहीं, कुंदन शांडिल ने कहा कि प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों को बेहतर कीमत मिलने से किसानों को आर्थिक लाभ हो रहा है ।
साँई फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करने के ले फाउंडेशन निदेशक इंजीनियर राजकुमार वर्मा ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और प्रदेश के ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री सहित अन्य अतिथियों का आभार जताया । उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को केमिकल युक्त इन जहरीले खाद्य पदार्थों से मुक्ति दिलाने के लिए साँई फाउंडेशन के प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे ।










