शिमला (हिमदेव न्यूज़) 10 अगस्त 2022 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में कहा कि विपक्ष कुछ ज़्यादा ही जल्दबाजी में है। विपक्ष को सब्र से काम लेना चाहिए जल्दबाजी से कुछ होने वाला नही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन में गरिमामय तरीके से चर्चा और मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। विपक्ष को सदन को मछ्ली बाजार नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चर्चा से भाग नहीं रहे हैं, लेकिन विपक्ष को नियम कायदे कानूनों का भी लिहाज रखना चाहिए। विपक्ष लगातार चर्चा की मांग कर रहा था और सदन के भीतर दोनों ओर से नारेबाजी करने लगा। हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित किया। हालांकि इस दौरान भी पूरा विपक्ष सदन के भीतर ही बैठा रहा, लेकिन सत्तापक्ष के विधायक और मंत्री सभी बाहर आ गए। आधे घंटे बाद जब सदन की कार्रवाई दोबारा शुरू हुई तब स्पीकर ने कहा कि आज सुबह ही कांग्रेस की तरफ से अविश्वास प्रस्ताव की सूचना मिली है। उन्होंने पूरी सूचना पढ़कर सुनाई। जिसके बाद स्पीकर ने चर्चा की मांग को स्वीकार किया। अब कल यानी सुबह 11 बजे अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। स्पीकर ने इसके लिए विपक्ष को चार घंटे का समय दिया है।








