शिमला (हिमदेव न्यूज़) 11 अगस्त 2022 हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष पर ही भारी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें 25 वर्ष का संसदीय जीवन का अनुभव है। चुनावी साल में अक्सर विपक्ष की ओर ऐसा ही किया जाता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार पूर्ण विश्वास में है और विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष केवल सुर्खियां बनाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष कर्ज को लेकर गलत आंकड़े पेश कर रहा है. मौजूदा वक्त में सरकार पर करीब 67 हजार 904 करोड़ का ऋण है। जब साल 2017 में कांग्रेस की सरकार गई थी उस समय प्रदेश पर करीब 48 हजार करोड़ का ऋण था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कर्ज लेने की रफ्तार 67 फीसदी थी जबकि मौजूदा वक्त में केवल 35 फीसदी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने हर वर्ग को राहत देने का काम किया है। कोरोना संकट के बावजूद सरकार ने प्रदेश का विकास रुकने नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में तो कोरोना जैसी समस्या भी नहीं थी। बावजूद इसके लगातार कर्ज लेने का काम किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना के संकट के बीच भी प्रदेश सरकार ने विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया और प्रदेश भर का समग्र विकास सुनिश्चित किया। पुरानी पेंशन स्कीम बहाली को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जब साल 2003 में केंद्र सरकार की ओर से ओल्ड पेंशन स्कीम बंद की गई थी। तब हिमाचल प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ही देश भर में पहली सरकार थी, जिसने ओल्ड पेंशन स्कीम को बंद किया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की कुछ परेशानियां हैं। भाजपा सरकार कोशिश कर रही है कि जल्द से जल्द कर्मचारियों की परेशानी को सुलझा लिया जाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को राहत देने का काम किया है और सरकारी कर्मचारियों को भी राहत देने की कोशिश की जा रही है।










