शिमला (हिमदेव न्यूज़) 25 नवंबर, 2022 संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से दा लिटिल ग्रुप क्लब शिमला द्वारा आयोजित तृतीय दो दिवसीय शिमला नाटक ऐतिहासिक गेयटी थिएटर शिमला में संपन्न हुआ। इस उत्सव में 2 दिनों में 4 नाटकों के प्रदर्शन हुए। पहले दिन आकार थिएटर सोसाइटी मंडी ने मंटो द्वारा लिखित नाटक बीमार का प्रदर्शन किया। इस नाटक का निर्देशन श्री दीप कुमार ने किया, यह नाटक एक बीमार आदमी की मनोदशा को हास्य के माध्यम से दर्शाता है। दूसरा नाटक दारियों फो द्वारा लिखित एन एक्सीडेंटल डेथ ऑफ़ एन अनार्किस्ट का प्रदर्शन हुआ इस नाटक का निर्देशन राजीव शर्मा ने किया। इसे अवध नाटयकुलम संस्था के कलाकारों द्वारा प्रदर्शित किया गया।पहले दिन मुख्य अतिथि के रुप में निदेशक भाषा कला एवं संस्कृति विभाग श्री पंकज ललित जी उपस्थित रहे।
तृतीय शिमला नाट्य उत्सव के दूसरे दिन लिटिल ग्रुप क्लब शिमला द्वारा समरेश बसु लिखित एवं रुपेश वाली निर्देशित नाटक खुदा हाफिज का प्रदर्शन हुआ। दूसरे दिन की दूसरी प्रस्तुति गुलजार जी द्वारा लिखित कहानी रावी पार का मंचन हुआ जिस का नाट्य रूपांतरण श्री रुपेश काली ने किया, इसे शिमला सचिवालय के कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शित किया गया। रावी पार का निर्देशन श्री राजेश भारद्वाज द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रधान सचिव (गृह) श्री भरत खेड़ा जी एवं रिटायर्ड आई ए एस सचिव भाषा कला एवं संस्कृति विभाग श्रीमती पूर्णिमा चौहान जी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे उत्सव के दोनों दिनों दर्शकों ने चारों नाटकों को खूब सराहा।



