विश्व विकलांगता दिवस पर आधार सेंटर में दिव्यांग बच्चों का मंत्रोच्चार
भोपाल हिमदेव न्यूज़ 03 दिसम्बर 2022 समूची दुनिया में जब सब छोटी-छोटी बातों पर चिंतित हैं तब दिव्यांग बच्चे इन सबसे अलग एक दुनिया रचते हैं। शहर के प्रतिष्ठित संगठन आधार सेंटर में आज बच्चों से यही सबक सीखने को मिला। विश्व विकलांग दिवस पर आयोजित बच्चों के एक सहज और स्वतःस्फूर्त कार्यक्रम में आधार सेंटर के दिव्यांग बच्चे अलग-अलग फल और शाक के रूप में प्रस्तुत हुए। यही नहीं दिव्यांग बच्चों अर्चित और गौरवी के मंत्रोच्चार से दर्शक स्तब्ध रह गए। संस्था की निदेशक डॉ जगमीत चावला ने कहा कि हर फल और सब्ज़ी का रंग अलग रहता है, गुण अलग रहता है, तैयार होने में किसी को कम या किसी को ज़्यादा धूप लगती है फिर भी हमारे लिए सबकी महत्ता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि फ़िल्मकार और समाज सेवी सुनिल शुक्ल ने बच्चों और उनके पालकों के जज़्बे को सलाम करते हुए कहा कि हम सभी नागरिकों को विकलांग जनों के साथ उचित व्यवहार करने एवं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अपना भरपूर योगदान देने की ज़रूरत है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सोनाली कारकून ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार पूरे विश्व में लगभग 15 फ़ीसदी लोग दिव्यांग जनों की श्रेणी में आते हैं। इस प्रकार से इस समुदाय को दुनिया का सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय माना गया है। दिव्यांग जनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने एवं इन्हे विभिन राजनैतिक, आर्थिक एवं सामाजिक अधिकार प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष विश्व विकलांग दिवस का आयोजन किया जाता है। अरेरा कॉलोनी स्थित नाग नागेश्वर मंदिर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चे, उनके अभिभावक, स्पेशल एडुकेटर्स सहित आमंत्रित दर्शक मौजूद थे।



