सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

February 19, 2026 1:40 pm

पहले लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ की यात्रा करनी पड़ती थी, आज एम्स बिलासपुर

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने एम्स बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के तीसरे स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की
“उन्नत एमआरआई, सीटी स्कैनर, पीईटी-सीटी, एंडोस्कोपी सूट और ब्रोंकोस्कोपी सूट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ, एम्स बिलासपुर ने अपनी स्थापना के सिर्फ तीन वर्षों के भीतर उल्लेखनीय प्रगति की है: श्री नड्डा”
“न्यूक्लियर मेडिसिन, कैंसर देखभाल, गुर्दा प्रत्यारोपण और चिकित्सा खर्च को कम करने के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रकाश डाला”
“हिमाचल प्रदेश के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर । पहले लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ की यात्रा करनी पड़ती थी, आज एम्स बिलासपुर इस क्षेत्र की उच्च-स्तरीय चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करता है।”
“अन्य एम्स संस्थानों की सफलताओं को दोहराकर, गुणवत्तापूर्ण देखभाल बनाए रखकर और नवाचार को बढ़ावा देकर एम्स ब्रांड की प्रतिष्ठा को बनाए रखने का आह्वान”
“एम्स संस्थानों के भविष्य के विकास की रूपरेखा तैयार करने के लिए नीति आयोग और भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के साथ टीम का गठन”
03 अक्टूबर 2025
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, श्री जगत प्रकाश नड्डा, ने आज हिमाचल प्रदेश में एम्स बिलासपुर के तीसरे स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता की। उनके साथ लोकसभा सांसद श्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद श्री हर्ष महाजन, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता श्री जय राम ठाकुर और हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल भी शामिल हुए।
एम्स बिलासपुर की उपलब्धियां और प्रगति
सभा को संबोधित करते हुए, श्री नड्डा ने कहा, “उन्नत एमआरआई, सीटी स्कैनर, पीईटी-सीटी, एंडोस्कोपी सूट और ब्रोंकोस्कोपी सूट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ, एम्स बिलासपुर ने अपनी स्थापना के सिर्फ तीन वर्षों के भीतर उल्लेखनीय प्रगति की है।” उन्होंने आगे कहा, “अब आस-पास के राज्यों के लोग भी एम्स बिलासपुर में इलाज करा रहे हैं। यह इस संस्थान में बढ़ते विश्वास और भरोसे को उजागर करता है।”
श्री नड्डा ने गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने न्यूक्लियर मेडिशन, कैंसर देखभाल और गुर्दा प्रत्यारोपण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, “यह हिमाचल प्रदेश के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर है और इससे चिकित्सा खर्च में भी कमी आई है। जहाँ पहले लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ की यात्रा करनी पड़ती थी, आज एम्स बिलासपुर इस क्षेत्र की उच्च-स्तरीय चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करता है।”
शिक्षा और बुनियादी ढांचा विस्तार
चिकित्सा शिक्षा पर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हाल ही में एम्स बिलासपुर के लिए 127 पदों को मंजूरी दी गई है, जिसमें 29 संकाय (फैकेल्टी) और 98 गैर-संकाय (नॉन-फैकेल्टी) पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चयन समिति एक वर्ष तक सक्रिय रहेगी और इन पदों को तुरंत भरने के लिए कम से कम चार साक्षात्कार आयोजित करना अनिवार्य है।
श्री नड्डा ने दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को ठहराने के लिए एम्स बिलासपुर में 500 बिस्तरों वाले विश्राम सदन की योजना की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, टाइप III, IV और V क्वार्टर के साथ-साथ यूजी छात्र छात्रावासों के निर्माण के लिए ₹165 करोड़ और एक इंडोर स्टेडियम के लिए ₹5 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
गुणवत्ता, नवाचार और भविष्य का रोडमैप
एम्स ब्रांड की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए, श्री नड्डा ने गुणवत्तापूर्ण देखभाल बनाए रखने और नवाचार को बढ़ावा देने के माध्यम से अन्य एम्स संस्थानों की सफलताओं को दोहराने का आह्वान किया। उन्होंने देश भर के एम्स केंद्रों के बीच अल्पकालिक विनिमय कार्यक्रमों (शॉर्ट-टर्म एक्सचेंज प्रोग्राम) को आयोजित करने की हालिया पहल पर प्रकाश डाला।
उन्होंने सभी एम्स संस्थानों का दौरा करने और विभागीय विकास और स्थिरता के लिए भविष्य का रोडमैप विकसित करने के लिए नीति आयोग और भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के सहयोग से एक टीम के गठन का भी उल्लेख किया।
श्री नड्डा ने पिछले 11 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा में पर्याप्त वृद्धि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “देश में अब 808 मेडिकल कॉलेज हैं। वार्षिक यूजी मेडिकल सीटों की संख्या लगभग 35,000 से बढ़कर 1.25 लाख हो गई है। पिछली कैबिनेट में, माननीय प्रधानमंत्री ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 5,000 नई यूजी और पीजी सीटों को मंजूरी दी।” उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में सरकारी चिकित्सा संस्थानों में अतिरिक्त 75,000 मेडिकल सीटें शुरू की जाएंगी।
समारोह की अन्य झलकियां
समारोह के दौरान, संस्थान का गीत आधिकारिक तौर पर जारी किया गया, जो एम्स बिलासपुर की भावना और लोकाचार का प्रतीक है। कार्यवाही में एक विशेष पुरस्कार वितरण समारोह भी शामिल था, जहाँ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उत्कृष्ट शैक्षणिक और पाठ्येतर उपलब्धियों की मान्यता में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
पृष्ठभूमि
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तहत स्थापित एम्स बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा संस्थान है जो न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पड़ोसी राज्यों की भी सेवा करता है। एम्स बिलासपुर की आधारशिला माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 3 अक्टूबर 2017 को रखी थी, और संस्थान को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 5 अक्टूबर 2022 को राष्ट्र को समर्पित किया गया था।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव (पीएम एसएसवाई), केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय श्रीमती अंकिता मिश्रा बुंदेला; अध्यक्ष, एम्स बिलासपुर प्रो. (डॉ.) नरेंद्र कुमार अरोड़ा; कार्यकारी निदेशक, एम्स बिलासपुर प्रो. (डॉ.) दयानंद शर्मा; रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल परांजपे और अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।