सबकी खबर , पैनी नज़र

May 26, 2026 4:12 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

May 26, 2026 4:12 am

अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान में प्रदेशभर में प्रतिमा स्वच्छता अभियान एवं दीपोत्सव का आयोजन: विपिन सिंह परमार

शिमला, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान में आज प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा प्रतिमा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान अटल जी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण करने का प्रतीक है।
विपिन परमार ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से मनाली, नाचन एवं शिमला सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया, जहां भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की। स्वच्छता अभियान के उपरांत सभी स्थानों पर दीपोत्सव का आयोजन भी किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और सम्मान के साथ अटल जी को नमन किया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और संवेदनशील राजनीति के प्रतीक थे। उनके विचार आज भी देश को दिशा दिखा रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर पूरे एक वर्ष तक “अटल शताब्दी वर्ष” के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कवि सम्मेलन, संगोष्ठियां, विचार गोष्ठी और वैचारिक कार्यक्रम शामिल होंगे, जिनके माध्यम से अटल जी के जीवन, कृतित्व और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
विपिन सिंह परमार ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें और “अटल शताब्दी वर्ष” के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
— जारीकर्ता
भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश