सबकी खबर , पैनी नज़र

August 20, 2026 10:06 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

August 20, 2026 10:06 am

मंडी में “रन अगेंस्ट चिट्टा” मैराथन 9 अप्रैल को

मंडी में चिट्टे के खिलाफ दौड़ेंगे युवा
एनएसयूआई का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, युवाओं से भागीदारी की अपील

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई जिला मंडी इकाई द्वारा अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 9 अप्रैल 2026 को “रन अगेंस्ट चिट्टा” मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अनित जसवाल ने बताया कि यह 5 किलोमीटर की मैराथन प्रातः 6:30 बजे से सेरी मंच, मंडी से शुरू होगी। दौड़ का रूट सेरी मंच से भिमाकाली ब्रिज, विक्टोरिया ब्रिज, चौहाटा बाजार होते हुए पुनः सेरी मंच तक निर्धारित किया गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹3100, द्वितीय स्थान पर ₹2100 तथा तृतीय स्थान पर ₹1100 की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अनित जसवाल ने बताया कि “रन अगेंस्ट चिट्टा” केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है और इससे निपटने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों से इस मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है ।