सबकी खबर , पैनी नज़र

June 23, 2026 5:26 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 23, 2026 5:26 pm

मुख्यमंत्री ने शिमला के ऑकलैंड टनल में कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया

शिमला 23 जून, 2026, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला शहर में ऑकलैंड टनल के निकट नवनिर्मित बहुमंजिला कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया। इस पार्किंग का निर्माण 7.60 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है जिसमें 145 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पार्किंग सुविधा ऑकलैंड टनल क्षेत्र और उसके आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने, सड़क किनारे होने वाली पार्किंग की समस्या से छुटकारा पाने तथा वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजधानी शिमला को अधिक सुलभ, व्यवस्थित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। यातायात प्रबंधन में सुधार और पर्याप्त सार्वजनिक अवसंरचना का निर्माण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला में वाहनों की संख्या में तेजी से हुई वृद्धि के कारण यातायात नियंत्रण और पार्किंग प्रबंधन गंभीर चुनौतियों के रूप में उभरी है। इन चुनौतियों का समाधान करने तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें यह पार्किंग सुविधा भी शामिल है।

श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास के लिए व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए सतत अवसंरचना, प्रभावी सार्वजनिक सेवाओं और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का संकल्प ऐसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है जो स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों की आवश्यकताओं को भी पूरा करें।

मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े विभागों और एजेंसियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पार्किंग सुविधा का सफलतापूर्वक निर्माण विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सुविधा एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति के रूप में उभरेगी और शहर में यातायात के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

.0.