सबकी खबर , पैनी नज़र

July 15, 2026 2:25 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 15, 2026 2:25 am

17 जुलाई को जींद से हरियाणा को मिलेंगी विकास की बड़ी सौगातें : कृष्ण बेदी

बोले— प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा बनेगी विकास, आधुनिक तकनीक और बुनियादी ढांचे के नए दौर की शुरुआत*

चंडीगढ़: पवन चोपड़ा, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि 17 जुलाई को जींद के हुड्डा ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा प्रदेश के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर हरियाणा को कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनसे आने वाले वर्षों में करोड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। उनके अनुसार यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आधुनिक हरियाणा की नई विकास यात्रा का शुभारंभ होगा।
बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि आम बोलचाल की भाषा में इसे “पानी से चलने वाली ट्रेन” कहा जा सकता है। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत का ऐतिहासिक कदम है, जिससे प्रदूषण कम होगा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। इसी कार्यक्रम में हाइड्रोजन गैस प्लांट का भी शुभारंभ किया जाएगा, जो देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक एवं एलिवेटेड रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। करीब 5.9 किलोमीटर लंबी इस परियोजना से शहर के प्रमुख रेलवे फाटकों पर वर्षों से लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में लगभग 150 एकड़ भूमि पर बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रकल्प से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियां सिख गुरुओं के बलिदान एवं आदर्शों से परिचित होंगी।
बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन करेंगे, जिससे उत्तर भारत की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन व औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री महत्वपूर्ण सौगात देंगे। भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज तथा कोरियावास (महेंद्रगढ़-नारनौल) सरकारी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा। इससे चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने बताया कि अंबाला-कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की आधारशिला भी रखी जाएगी, जिससे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352डी) तथा हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण भी किया जाएगा।
कृष्ण बेदी ने कहा कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित नरवाना रेलवे जंक्शन के आधुनिकीकरण का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री करेंगे। उन्होंने कहा कि नरवाना के विधायक होने के नाते यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उनके क्षेत्र से प्रदेश को इतनी बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा रेलवे परियोजनाओं का श्रेय लेने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बेदी ने कहा कि केवल आधारशिला रखना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि परियोजनाओं को समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करना ही वास्तविक विकास है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लंबित परियोजनाओं को गति देकर उन्हें धरातल पर उतारा है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जींद जिले की उपेक्षा की गई, जबकि भाजपा सरकार ने सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
अंत में कृष्ण बेदी ने प्रदेशवासियों से 17 जुलाई को जींद के हुड्डा ग्राउंड में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह जनसभा हरियाणा के विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक अवसर साबित होगी।