शिमला 14 अगस्त, 2026, जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में 15 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा जिसकी अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे।
यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा मंत्री प्रातः 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और 11:02 बजे राष्ट्रीय गीत बजेगा जिसके बाद ध्वजारोहण होगा तत्पश्चात राष्ट्रीय गान बजेगा। इसके उपरांत 11:10 बजे मुख्य अतिथि रोहित ठाकुर द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा और 11:10 बजे हिमाचल पुलिस पुरुष व महिला जवानों की टुकड़ी, होमगार्ड पुरुष व महिला जवानों की टुकड़ी, यातयात पुलिस, एन.सी.सी बॉयज व गर्ल्स, एन.एस.एस बॉयज व गर्ल्स, भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र, व छात्राओं की टुकड़ी, हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड तथा हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड के जवानों द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री 11:25 पर समस्त जिलावासियों के लिए अपना संदेश देंगे और देश की आजादी के स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं को याद करेंगे। इसके उपरांत 11:55 पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा किन्नौरी नृत्य, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के विद्यार्थियों द्वारा हिमाचली नाटी, नृत्य कला केंद्र शोघी द्वारा सोलन का गिद्दा, डाइट शामलाघाट द्वारा नाटी नृत्य, संभोता तिब्बतन विद्यालय छोटा शिमला के छात्रों द्वारा याक नृत्य व जवाहर लाल नेहरू राजकीय फाइन आर्ट महाविद्यालय शिमला के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति आधारित गायन एवं नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा जिला के ऐसे कर्मचारी जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य किया है को सम्मानित किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रीय गान के साथ होगा।






