चुराह (तीसा) के सन्नी सूर्यवंशी को ‘समरसता गौरव सम्मान’ से नवाजा गया
धर्मशाला। हिमालय परिवार द्वारा आयोजित ‘धर्मशाला घोषणा–2026’ कार्यक्रम में चम्बा जिले के चुराह (तीसा) क्षेत्र के सन्नी सूर्यवंशी को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘समरसता गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य कर रहे कुल 20 व्यक्तियों को इस सम्मान से नवाजा गया।
सन्नी सूर्यवंशी पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उनका निरंतर प्रयास रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में वे विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों के साथ संवाद, शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों तथा शिक्षकों के साथ समन्वय करते रहे हैं। वहीं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया है।
उनके कार्यों में युवाओं की भागीदारी, सामुदायिक सहयोग और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाती रही है। चुराह (तीसा) जैसे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से निकलकर सामाजिक कार्यों के माध्यम से व्यापक स्तर पर योगदान देना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
सम्मान समारोह में हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री कविन्द्र गुप्ता, हिमालय परिवार के संस्थापक माननीय इन्द्रेश जी, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष श्री परमजीत गिल, हिमालय परिवार हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष श्री मोहिंदर सलारिया तथा महामंत्री श्री यज्ञ दत्त सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
‘समरसता गौरव सम्मान’ मिलना सन्नी सूर्यवंशी के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ चुराह (तीसा) क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। यह सम्मान समाजहित में निरंतर कार्य करने तथा युवाओं को शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक सेवा से जोड़ने के उनके प्रयासों को नई प्रेरणा प्रदान करेगा।










