सबकी खबर , पैनी नज़र

October 27, 2026 7:55 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 27, 2026 7:55 pm

नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.01 करोड़ रुपये से अधिक संपत्तियां फ्रीज करने की पुष्टि मिली

नूरपुर पुलिस जिला में अब तक नशा तस्करों की 31.71 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कड़े दिशा-निर्देशों की अनुपालना में चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत पुलिस लगातार नशा तस्कारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। यह अभियान नशा तस्करी के माध्यम से अर्जित अवैध संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसने तथा नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।
इस अभियान के तहत कांगड़ा ज़िले के अंतर्गत नूरपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करने में सफलता प्राप्त की है। तस्कर और विदेशी मुद्रा मैनिपुलेटर (सम्पत्ति का समपहरण) अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक ने पुलिस थाना इंदौरा द्वारा की गई वित्तीय जांच के आधार पर 1,01,55,718 रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की गई है।
पुलिस जिला नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचन्द वर्मा ने आज जानकारी दी है कि पुलिस थाना इंदौरा में दिनांक 30 मई, 2017 को दर्ज एक एफआईआर में दलवीरो नामक महिला के कब्जे से 6.50 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। माननीय न्यायालय ने 01 अप्रैल, 2025 को इस मामले में इस महिला को दोषसिद्ध करते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास औश्र एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
मामले के संबंध में नूरपुर पुलिस द्वारा की गई वित्तीय जांच के दौरान संबंधित संपत्तियों के स्वामित्व, निर्माण, मूल्यांकन तथा उनके अर्जन के वैध स्रोतों की जांच-पड़ताल की गई। जांच के आधार पर पुलिस थाना इंदौरा ने 28 सितम्बर, 2026 को फ्रीजिंग आदेश पारित किया और इसकी पुष्टि के लिए सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजा।उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने 26 अक्तूबर, 2026 को आदेश पारित कर उक्त फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की। इस कार्रवाई के अंतर्गत कुल 1,01,55,718 रुपये मूल्य की तीन संपत्तियों को फ्रीज करने की पुष्टि की गई है।
फ्रीज की गई संपत्तियों में दलवीरो पत्नी स्वर्गीय अजय कुमार की गांव छन्नी, तहसील इंदौरा स्थित आवासीय संरचना, जिसका निर्धारित मूल्य 61,96,561 रुपये है, मिथुन उर्फ छप्पर पुत्र स्वर्गीय अजय कुमार की गांव छन्नी, तहसील इंदौरा स्थित आवासीय संरचना तथा उससे संबंधित फर्नीचर, घरेलू उपकरण एवं अन्य घरेलू सामान, जिनका कुल निर्धारित मूल्य 32,60,950 रुपये है तथा घारो देवी पुत्री स्वर्गीय अजय कुमार की 6,98,207 रुपये के निर्धारित मूल्य की मारुति सुजुकी कार शामिल हैं। इन तीनों संपत्तियों का कुल निर्धारित मूल्य 1,01,55,718 रुपये है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा उपलब्ध वित्तीय जांच रिपोर्ट एवं अभिलेखों के आधार पर उक्त संपत्तियों से संबंधित फ्रीजिंग आदेश की एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पुष्टि की गई है। इस कार्रवाई का उद्देश्य संबंधित संपत्तियों को हस्तांतरित किए जाने, बेचे जाने अथवा अन्य किसी तरीके से उनका निपटान किए जाने पर वैधानिक प्रतिबंध प्रभावी बनाना है, ताकि कानून के अंतर्गत आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई को केवल मादक पदार्थों की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रख रहा है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा उन्हें कानून के अनुरूप फ्रीज करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इस रणनीति का उद्देश्य नशा तस्करी से अर्जित अवैध आर्थिक लाभ पर रोक लगाना तथा तस्करी के पूरे आर्थिक नेटवर्क को को जड़ से खत्म करना है।उन्होंने बताया कि एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जिला नूरपुर ने अब तक नशा तस्करों की 31 करोड़ 71 लाख, 61 हजार 429 मूल्य की संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा पुष्टि के उपरांत फ्रीज किया है।
पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी अथवा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें।