सबकी खबर , पैनी नज़र

September 16, 2026 9:36 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 16, 2026 9:36 pm

गोदाम पहुंचे उपभोक्ताओं को नहीं मिला सिलेंडर, सूचना चारदीवारी के भीतर चस्पा

बिना पूर्व सूचना गोदाम से गैस वितरण बंद होने से उपभोक्ताओं में रोष, करीब डेढ़ साल से नए घरेलू कनेक्शन भी नहीं

सुन्नी : तहसील सुन्नी के बाशिंदों को बुधवार को उस समय भारी परेशानी और निराशा का सामना करना पड़ा, जब इंडेन गैस गोदाम सुन्नी पहुंचे उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाए गए। सिलेंडर लेने के लिए गोदाम पहुंचे लोगों को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि गोदाम से उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने पर रोक संबंधी सूचना सुन्नी स्थित कार्यालय की चारदीवारी के भीतर चस्पा की गई थी। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर वितरण बंद किए जाने की कोई पूर्व सूचना उन्हें जारी नहीं की गई। ऐसे में जब लोग सिलेंडर लेने के लिए इंडेन कार्यालय सुन्नी पहुंचे, तब उन्हें चारदीवारी के भीतर लगी सूचना से इस व्यवस्था के बारे में पता चला।
उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि यदि गोदाम से सिलेंडर वितरण बंद किया जाना था तो इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को पहले से क्यों नहीं दी गई। दूर-दराज के क्षेत्रों से गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों को बिना सिलेंडर वापस लौटना पड़ा, जिससे उनका समय और आने-जाने का खर्च दोनों प्रभावित हुए।
वहीं आपात स्थिति में सिलेंडर देने पर भी यह शर्त बताई गई कि यदि गोदाम से सिलेंडर लेना हो तो इसके लिए फार्म सहित हल्फनामा देना होगा। इसके अनुसार उपभोक्ता दोबारा सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं ले पाएगा। इस स्थिति में नौकरीपेशा के दूसरे इलाके में तबादला होने पर भी सिलेंडर गोदाम आकर ही लेना होगा। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली है।
डेढ़ साल से नए घरेलू गैस कनेक्शन का इंतजार
क्षेत्रवासियों के अनुसार सुन्नी क्षेत्र में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नए घरेलू गैस कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। इससे पहले से ही गैस कनेक्शन लेने के इच्छुक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब गोदाम से सिलेंडर वितरण नहीं होने की स्थिति ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
महंगा पड़ रहा 5 किलो का सिलेंडर
उपभोक्ताओं के सामने एक और समस्या छोटे सिलेंडर की कीमत को लेकर है। जरूरत के समय 5 किलोग्राम का सिलेंडर विकल्प तो उपलब्ध है, लेकिन इसकी कीमत करीब 1900 रुपये होने के कारण आम उपभोक्ता की जेब पर इसका भारी बोझ पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और गैस एजेंसी से मांग की है कि सिलेंडर वितरण व्यवस्था को स्पष्ट किया जाए और उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गैस लेने के लिए गोदाम पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने और उपभोक्ताओं को नियमित एवं सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी उचित कदम उठाए जाएं।