मंडियों में धान, बाजरा और डीएपी खाद को लेकर किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना ही नहीं है विदेश दौरे में व्यस्त हैं
कांग्रेस पर भी साधा निशाना – तीन दिन पहले कांग्रेस वाले राज्यपाल से मिलने आए थे, लेकिन फसल खरीद को लेकर महामहिम से कोई बातचीत नहीं की
एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले सभी 47 खिलाडिय़ो को उनके घर जाकर करेंगे सम्मानित
चंडीगढ़:पवन चोपड़ा, शुक्रवार को इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में इनेलो के शिष्टमंडल ने धान, बाजरे और डीएपी खाद को लेकर हरियाणा के महामहिम राज्यपाल से मुलाकात की और राज्यपाल को मंडियों में धान और बाजरे की खरीद के लिए बदइंतजामी की जानकारी दी। राज्यपाल ने मामले में कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. सम्पत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेर सिंह बडशामी, वरिष्ठ नेता पूर्व डीजीपी महेंद्र सिंह मलिक, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी, कार्यालय सचिव नछत्तर सिंह मलहान और विधायक अर्जुन चौटाला शामिल रहे।
ज्ञापन देने के बाद अभय सिंह चौटाला ने मीडिया से रूबरू होकर कहा कि फसल खरीद को लेकर किसान धरने पर बैठे हैं। लेकिन सरकार को इससे कोई वास्ता नहीं है। इसलिए इनेलो पार्टी ने मजबूर होकर राज्यपाल को ज्ञापन दिया है। ताकि महामहिम मामले में दखल देकर किसानों की समस्याओं का समाधान करवाएं। मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना ही नहीं है इसलिए आजकल विदेशों के दौर में व्यस्त हैं। मंडियों में धान और बाजरे की खरीद सही तरीके से नहीं हो रही है। मंडियों में बारदाने की भारी कमी है। सरकार का कोई भी अधिकारी और मंत्री मंडियों का दौरा कर हालातों का जायजा नहीं ले रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी या तो विदेश के दौरे पर रहते हैं या पंजाब के दौरे पर रहते हैं। धान के मुकाबले आज मंडियों में बाजरे की ज्यादा दुर्गत हो रही है। किसानों को 2000 रूपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य 2900 है। सरकार भावांतर भरपाई योजना के तहत मात्र 600 रूपए देने की बात कर रही है। सरकार को एमएसपी पर बाजरा खरीदना चाहिए। साथ ही एमएसपी से कम दाम पर बाजरा खरीद करने वालों पर कार्रवाई भी करनी चाहिए। किसानों की सबसे बड़ी समस्या ‘‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’’ पोर्टल है जो चलता ही नहीं। पोर्टल एक-दो दिन के लिए खुलता है फिर बंद हो जाता है। हैरानी वाली बात यह है कि महामहिम राज्यपाल को भी हरियाणा की फसल बिजाई कटाई की कोई जानकारी नहीं है। हमारा शिष्टमंडल बाजरे और धान खरीद को लेकर बात करता रहा। जबकि महामहिम राज्यपाल सरसों खरीद की बात कर रहे थे। अब किसान अपना दुखड़ा किसको सुनाएं। सरकार सुन नहीं रही है, महामहिम को उनके हालातो के बारे में कुछ पता नहीं है।
मंडियों में खरीद को लेकर अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को हरियाणा के किसानों कोई कोई चिंता नहीं है। उनको सिर्फ अपनी राजनीति ही चिंता है। तीन दिन पहले भी कांग्रेस वाले राज्यपाल से मिलने आए थे। लेकिन फसल खरीद को लेकर महामहिम से कोई बातचीत नहीं की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा वीरवार को कलायत के दौरे पर थे। लेकिन किसानों के मसलों पर कोई बात नहीं की। कांग्रेसी आपस में जुतम पैजार हो रहे हैं। कांग्रेसियों की हालत इतनी खराब है कि जिस दिन सारे नेता एक मंच पर आ गए तो 302 धारा लगेगी।
एशियाड में हरियाणा के विजेता खिलाडिय़ों को लेकर अभय सिंह चौटाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आज हरियाणा के जाट समुदाय को विशेषतौर पर टारगेट कर रही है। एशियाड में भारत को मिले 21 स्वर्ण पदकों में से 17 पदक हरियाणा के जाट समुदाय के बच्चों ने हासिल किए हैं। लेकिन इसके बावजूद भी सरकार का कोई नुमाइंदा खिलाडिय़ों का हौसला अफजाई करने नहीं पहुंचा। अगर सरकार का कोई प्रतिनिधि खिलाडिय़ों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई करता, तो यह मेडल बढ़ भी सकते थे। खिलाड़ी अपने आप को मायूस महसूस कर रहे थे। बीजेपी वाले सिर्फ खिलाडिय़ों को लेकर भाषण ही देते हैं। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम दिल्ली एयरपोर्ट पर खिलाडय़िों को सम्मान करने नहीं, बल्कि फोटो खिंचवाने के लिए गए थे। इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखूंगा। वे खुद पदक जीतने वाले सभी 47 खिलाडिय़ो के घर जाकर सम्मानित करेंगे। कल सुमित शहरावत और सुजीत कलकल के बुलावे पर उनके घर जाएंगे और सम्मानित करेंगे। अभय ने कहा कि वो ताऊ देविलाल जयंती के बाद खिलाडिय़ों की हौंसला अफजाई के लिए जापान गए थे। जबकि सरकार ऐसा करती तो पदकों की संख्या और बढ़ती। उ
उन्होंने कहा कि शनिवार को चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार मामले पर दिल्ली में सीजेपी द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में इनेलो पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी हजारों की संख्या में युवाओं को लेकर पहुंचेंगे और प्रदर्शन में भाग लेंगे।
अभय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के दौरान उनके हेलीकॉप्टर को गुरुग्राम स्टेडियम में पार्क करने को भी गलत बताया। गुरुग्राम में बच्चों के खेलने के लिए ये एकमात्र जगह है। लेकिन मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की पार्किंग होने के चलते 5 दिन खिलाडिय़ों को स्टेडियम के अंदर प्रैक्टिस के लिए नहीं जाने दिया। मुख्यमंत्री अपना हेलीकॉप्टर दिल्ली एयरपोर्ट पर भी पार कर सकते थे। मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। मुख्यमंत्री इस मामले में खिलाडिय़ों से माफी मांगे।









