“रंगमंच और बच्चों के व्यक्तित्व का विकास” विषय पर होगी चर्चा….
जयपुर (हिमदेव न्यूज़) 10 मई, 2023 : हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के तत्वाधान में, डिजिटल बाल मेला द्वारा आयोजित, एल.आई.सी द्वारा प्रायोजित बच्चों की सरकार कैसी हो? अभियान में आज विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया जाएगा. दोपहर 12 बजे होने वाले इस सत्र में बतौर मुख्य अतिथि, अमला प्रोग्राम फॉर थियेटर, की फाउंडर और संस्थापक अमला राय देश-भर के बच्चों से मुखातिब होंगी. इस विशेष सत्र में बच्चों से मुख्य अतिथि “रंगमंच और बच्चों के व्यक्तित्व का विकास” विषय पर चर्चा करेंगी. संवाद सत्र की ख़ास बात यह है कि इस सत्र में हिमाचल के बच्चे सीधे अपने विद्यालय से जुड़ सकेंगे.गौरतलब है कि इस सत्र की मुख्य अतिथि श्रीमती अमला राय हिमाचल प्रदेश की निवासी है, उनका जन्म 28 अप्रैल 1961 में हुआ था. उन्होंने भारत के सर्वोच्च सिनेमा संस्थान “नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा” से 3 वर्षीय डिप्लोमा किया है. इसके साथ ही रंगमंच में एक वर्षीय डिप्लोमा पंजाब विश्वविद्यालय से और “शैक्षिक अध्ययन” पर डिप्लोमा यूनिवर्सिटी ओफ बाथ, यू. के. से किया है. श्रीमती राय को रंगमंच में 40 वर्ष का अनुभव है, और उन्होंने हिमाचल के सबसे पहले,रंगमंच “अभिव्यक्ति” की शुरुआत की है.डिजिटल बाल मेला की को-फाउंडर प्रिया शर्मा ने बताया कि यह सत्र बच्चों की सरकार कैसी हो? अभियान का हिस्सा है. इस अभियान के तहत 8-17 वर्ष के बच्चे सरकार के सामने बाल मुद्दे और सुझाव रख रहे हैं और बता रहे है कि बच्चों के अनुकूल सरकार को क्या कार्य करने चाहिए. इतना ही नहीं बच्चों ने यह भी बताया ही कि इस अभियान के चलते हिमाचल प्रदेश 12 जून को विशेष विधानसभा “बाल सत्र” का साक्षी बनेगा. इस में सुझाव देने वाले बच्चों में से 68 बच्चे चुनकर आएंगे और अपनी समस्या या सुझाव दुनिया के सामने रखेंगे.बता दें कि बच्चों की राजनीतिक जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के मकसद से प्रभावित हो कर एच.पी. विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया ने इस सत्र का मौका बच्चों को दिया है. इसके साथ ही इस अभियान का स्वागत करते हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा “बाल सत्र” की गूंज दुनिया तक पहुंचे ऐसी अपील बच्चों से की.







