शिमला (हिमदेव न्यूज़) 09 दिसंबर 2022 हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने शुक्रवार को शिमला में विधायकों की बैठक बुलाई है। इसमें नए सीएम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया जाएगा। बैठक में हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और पर्यवेक्षक भी पहुंचेंगे। फिलहाल, सीएम की दावेदारी के लिए प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के नाम सामने हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में बहुमत से जीत तो हासिल कर ली है, मगर सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में कांग्रेस के तीन चेहरे सामने हैं। वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह खुद मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में खड़ी हो चुकी हैं। इस बार प्रदेश में बेशक विधानसभा चुनाव कांग्रेस की पिछली सरकारों में लगातार छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के बगैर हुआ हो, इसके बावजूद इस चुनाव में कांग्रेस ने वीरभद्र के देहांत के बाद उनके प्रति सांत्वना को भुनाने का पूरा प्रयास किया। प्रतिभा सिंह को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ही नहीं बनाया, बल्कि उनका नया नामकरण प्रतिभा वीरभद्र सिंह के रूप में किया। प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने मंडी का लोकसभा चुनाव भी इसी नाम के साथ लड़ा था। उस समय मेें भी उपचुनाव में कांग्रेस ने न केवल यहां बल्कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में भी जीत हासिल की। अब प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हॉलीलॉज के समर्थक विधायक एकजुट होने लग गए हैं। एक प्रमुख खेमा वह है जो हॉलीलॉज के विरोध में रहता आया है। दूसरी और दिग्गज नेता मुकेश अग्निहोत्री हैं। नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू जो छह साल पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी अध्यक्ष रहते हुए उनके वीरभद्र सिंह से संबंध ठीक नहीं रहे हैं। अब मुख्य्मंत्री कौन होगा आज नाम पर मोहर लग जाएगी।


