सबकी खबर , पैनी नज़र

August 19, 2026 10:18 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

August 19, 2026 10:18 pm

डीडी न्यूज़ शिमला ने शुरू किया पॉडकास्ट ‘म्हारा हिमाचल’

अपने लोगों के किस्सों से रूबरू कराएगा यह नवाचार

शिमला 25 मई। दूरदर्शन समाचार, हिमाचल प्रदेश (डीडी न्यूज़) ने आज से संचार एवं संवाद की दिशा में एक नवाचार किया है । डीडी न्यूज़ शिमला में आज से ‘म्हारा हिमाचल’ नाम से नए पॉडकास्ट स्टूडियो की शुरुआत की है। ‘म्हारा हिमाचल’ की टैग लाइन ‘अपने लोग अपने किस्से’ रखी गई है।
म्हारा हिमाचल पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ आज दूरदर्शन समाचार, नई दिल्ली की महानिदेशक श्रीमती ममता वर्मा ने रिमोट के जरिए किया। अनौपचारिक बातचीत में श्रीमती वर्मा ने कहा कि आज के दौर में कंटेंट सबसे प्रमुख है। हम जितना अच्छा और पाजिटिव कंटेंट पेश करेंगे दर्शकों में उसे देखते रहने का भाव भी बढ़ता रहेगा। उन्होंने दूरदर्शन समाचार के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से आम लोग समाज के कई जाने अनजाने लोगों की उपलब्धियों के बारे जान सकेंगे
दूरदर्शन समाचार, शिमला की प्रमुख नंदिनी मित्तल ने बताया कि इस नए प्रयास और पहल का उद्देश्य देवभूमि हिमाचल में बिखरी प्रेरणादायक  कहानियों से आम जनता को रूबरू कराना है। इसमें युवाओं के सपने, स्टार्ट अप की सफलताएं, पहाड़ी हौंसलों और महिलाओं की उम्मीदों को भी रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए हिमाचल की विशिष्ट हस्तियों से जुड़े रोचक किस्से भी जानने का अवसर मिलेगा। म्हारा हिमाचल के पॉडकास्ट यूट्यूब पर देखे जा सकेंगे।
पॉडकास्ट स्टूडियो के शुभारंभ के बाद केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों सहित विभिन्न कलाकारों ने हिमाचल की लोक संस्कृति से जुड़े मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के क्लस्टर हेड श्री कश्मीर सिंह, दूरदर्शन, आकाशवाणी एवं पीआईबी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।