शिमला 26 सितंबर, 2026, उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा के सेवानिवृत्ति के उपलक्ष में आज जिला प्रशासन शिमला द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी शिमला शहरी सनी शर्मा तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंजीत शर्मा 30 सितम्बर को सेवानिवृत हो रहे हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त शिमला सहित उपस्थित अधिकारियों ने मंजीत शर्मा को सम्मानित कर उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपायुक्त ने मंजीत सिंह के सेवाकाल के दौरान उनके द्वारा निभाई गई प्रशासनिक जिम्मेदारियों एवं योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, लगन एवं समर्पण के साथ किया। उनके अनुभव एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता से जिला प्रशासन को सदैव लाभ मिला।
समारोह के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंजीत शर्मा के साथ अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। उपस्थित अधिकारियों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन के लिए प्रार्थना भी की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे एसडीएम मंजीत शर्मा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान उन्हें विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अनेक महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए, जिन्हें वे सदैव स्मरण रखेंगे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंजीत शर्मा को उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।







