सबकी खबर , पैनी नज़र

October 30, 2026 2:46 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 30, 2026 2:46 am

राज्यपाल ने 76वें स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

शिमला(हिमदेव न्यूज) 15 अगस्त 2022  राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने राजभवन के कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को मिठाइयां बांटी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें ऑर्चिड प्रेप स्कूल न्यू शिमला के अंतर्गत संचालित किए जा रहे ‘आरुषि स्कूल ऑफ होप’ के विशेष बच्चों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। राजभवन में पहली बार विशेष रूप से आमंत्रित इन बच्चों ने ‘इंसाफ की डगर’ और ‘हर घर तिरंगा’ विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों, फैंसी ड्रेस और नृत्य से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला के बच्चों के समूह गान और इसी पाठशाला की छात्रा भामिनी बंसल के नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ‘ऐ मेरे वतन’ ने राजभवन के दरबार हॉल में उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। राज्यपाल भी अपनी भावनाओं को नहीं रोक पाए और उनकी आंखें भी नम हो गईं। इस अवसर पर राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के लोगों और समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के गुमनाम नायकों का स्मरण किया और शहीदों तथा बहादुर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्षों में हमें किसी न किसी रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा और स्वदेशी को अपनाकर देश के विकास को गति प्रदान करनी होगी। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।