सबकी खबर , पैनी नज़र

अल्पसंख्यकों को बताएंगे कलाम की जीवनी

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश भर में करेगा कार्यक्रम
शिमला: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हिमाचल के लोगों को महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय अब्दुल कलाम आजाद की जीवनी बताएगा। उनका सम्पूर्ण जीवन किस तरह से भारत देश के काम आया और उन्होंने कैसे मानवता की सेवा की इसकी पूरी जानकारी अल्पसंख्यक समुदाय को दी जाएगी। इसके लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा पूरे प्रदेश में 27 जुलाई को विशेष कार्यक्रम करेगा। दिल्ली से अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ असलम प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के लिए शिमला आएंगे। प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बिलाल अहमद शाह ने बताया कि प्रदेश प्रभारी डॉ असलम शिमला में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला पदाधिकारी सभी जिलों में डॉ कलाम के जीवन पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।
बिलाल ने कहा कि डॉ अब्दुल कलाम केंद्र में भाजपा सरकार के समय में देश के राष्ट्रपति बनाये गए थे क्योंकि वो देश का गौरव थे और हमेशा रहेंगे। भाजपा उनके देश के लिए दिए गए योगदान के बारे में लोगों को बताएगी। उन्होंने कहा कि स्व अब्दुल कलाम आजाद न केवल भारत देश बल्कि विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी पुण्यतिथि पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उन्हें याद करेगा और उनके द्वारा दिये संदेश को जनता तक पहुंचाएगा। हर साल उनकी याद में विशेष कार्यक्रम किये जायेंगे।