सबकी खबर , पैनी नज़र

October 25, 2026 10:25 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 25, 2026 10:25 am

सामुदायिक भागीदारी से मनाया जाएगा राष्ट्रीय पोषण माह

संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर रहेगा फोकस : अजय बदरेल

मंडी, 14 सितम्बर। सुपोषित भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक कदम बढ़ाते हुए मंडी जिला में 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक 8वां राष्ट्रीय पोषण माह स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के रूप में मनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में विभिन्न विभागों और संस्थाओं की सहभागिता से यह अभियान जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी पर आधारित रहेगा। राष्ट्रीय स्तर पर इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश के धार से करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण मंडी जिला में भी किया जाएगा। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि भी जारी करेंगे।
जिला परियोजना अधिकारी अजय बदरेल ने बताया कि इस बार पोषण माह की गतिविधियां मोटापा नियंत्रण और संतुलित आहार, प्रारंभिक बचपन देखभाल एवं शिक्षा, शिशु एवं छोटे बच्चों का पोषण, पुरुष भागीदारी, वोकल फॉर लोकल तथा समन्वित प्रयास और डिजिटलीकरण पर केंद्रित रहेंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत स्तर पर परामर्श सत्र, रेसिपी प्रतियोगिताएं, बीएमआई जांच, स्थानीय व्यंजन और खिलौना निर्माण प्रदर्शन, पोषण चौपाल, पर्यावरण संरक्षण प्रतिज्ञा, पोषण वाटिका निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
एक माह तक चलेंगे विविध आयोजन
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम होंगे। इनमें शिशु एवं छोटे बच्चों के पोषण पर परामर्श, मोटापा नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता, पिता की भागीदारी वाले विशेष आयोजन, डिजिटल पहचान पत्र निर्माण, स्तनपान एवं पूरक आहार पर जानकारी, योग सत्र, अभिभावक-शिक्षक बैठकें, परंपरागत व्यंजन प्रदर्शन, खेल दिवस, पर्यावरण संरक्षण तथा जंक फूड पर रोकथाम जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
सामुदायिक भागीदारी से बनेगा अभियान सफल
अजय बदरेल ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह केवल भोजन तक सीमित न होकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, समानता और सशक्तिकरण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सक्रिय रूप से इन गतिविधियों में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।