सबकी खबर , पैनी नज़र

July 14, 2026 3:02 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 14, 2026 3:02 am

पठानियां ने वीरभद्र जयन्ती की दी बधाई, कहा युगद्रष्टा थे वीरभद्र सिंह।

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर उनके 93वें जन्मोत्सव पर पुष्पांजली भेंट करने के उपरान्त मिडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह एक युगद्रष्टा थे तथा आधुनिक हिमाचल के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। पठानियां ने कहा कि डॉ0 परमार के बाद वीरभद्र सिंह प्रदेश के सबसे लम्बे अन्तराल तक रहने वाले मुख्यमंत्री थे, जिनका शानदार कार्यकाल 22 वर्ष तथा 7 दिन का रहा है जो अपने आप में एक कीर्तिमान है तथा उनकी शख्सियत को उजागर करता है।

 

पठानियां ने कहा कि उनका वीरभद्र सिंह के साथ विशेष स्नेह था तथा असंख्य स्मृतियां उनके साथ जुड़ी थी। पठानियां ने कहा कि वीरभद्र सिंह पूरे प्रदेश को एक नजर से देखते थे तथा कभी भी उन्होने पक्षपात नहीं किया। आज भी उनकी विचारधारा हम सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है तथा काँग्रेस पार्टी राष्ट्रीय तथा प्रदेश स्तर पर उनकी विचारधारा से बेहद प्रभावित थी।

 

पठानियां ने आज के युवा तथा नेताओं से आग्रह किया कि वह स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विचारधारा के साथ आगे बढ़ें तथा प्रदेश के विकास में अपना सहयोग दें। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व में अथाह विकास किया तथा हर क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर हि0प्र0 के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्व मंत्री हि0प्र0 सरकार जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री हि0प्र0 सरकार विक्रमादित्य सिंह, हि0प्र0 काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार एवं पूर्व प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप- मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार केवल सिंह पठानियां, शिमला के विधायक हरीश जनार्था, लाहौल एवं स्पिति की विधायक अनुराधा राणा, धर्मपुर के विधायक चन्द्रशेखर, नालगढ़ के विधायक हरदीप बावा, शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर ऊमा कौशल तथा हिमुडा के चेयरमैन यशवन्त छाजटा भी मौजूद थे।