सबकी खबर , पैनी नज़र

July 31, 2026 10:02 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 31, 2026 10:02 pm

‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 2 अगस्त 2026 को युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री; शिमला के MY Bharat स्वयंसेवक लाइव प्रसारण में होंगे शामिल

शिमला, 31 जुलाई 2026, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 2, अगस्त 2026 को’नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) की इस राष्ट्रव्यापी पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत शिमला जिले के MY Bharat स्वयंसेवक, MY Bharat–NSS स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण में भाग लेंगे तथा नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु राष्ट्रव्यापी संकल्प में सहभागी बनेंगे।
यह कार्यक्रम वर्तमान में चल रहे ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, खेल, संस्कृति, फिटनेस तथा सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के विरुद्ध जन आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प तथा ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है।
इस वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता अपेक्षित है। इनमें MY Bharat स्वयंसेवक, MY Bharat–NSS स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के युवा प्रकोष्ठ तथा 125 से अधिक सहयोगी संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवा सामूहिक रूप से ‘नशा मुक्ति शपथ’ग्रहण करेंगे तथा स्वयं को नशे से दूर रखने एवं दूसरों को भी इस जन आंदोलन से जोड़ने का संकल्प लेंगे। इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को सांस्कृतिक, खेल, फिटनेस, जागरूकता, माइंडफुलनेस तथा सामुदायिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पदयात्राएँ (Walkathons), खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक तथा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं के बीच नशामुक्त भारत का संदेश प्रसारित करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसके अतिरिक्त, MY Bharat पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा (e-Pledge) अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से नागरिक, विशेषकर युवा, नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत MY Bharat द्वारा देशभर में जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। इनमें लोकगीत, माइम एक्ट,लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद तथा नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक माध्यमों से नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे तथा अपने-अपने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करेंगे।
प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त, अभियान में जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी अनेक गतिविधियाँ भी शामिल हैं, जिनका उद्देश्य नशे की रोकथाम तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है। इनमें नशा मुक्ति शपथ, विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता एवं परामर्श सत्र, ग्राम सभाओं में नशा मुक्त संकल्प सभाएँ, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, अभिभावकों हेतु संवेदनशीलता कार्यक्रम तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं ग्रामों का सम्मान शामिल है। ये गतिविधियाँ समुदाय आधारित सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में सहायक होंगी।
यह राष्ट्रव्यापी अभियान 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित ‘राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन’ के साथ संपन्न होगा, जिसमें देशभर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं एवं संस्थाओं को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा ‘नशा मुक्त भारत’के निर्माण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।