कहा,,जनादेश का अपमान कर रही सुक्खू सरकार, लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा
शिमला : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों और नगर निगम चुनावों के परिणाम स्पष्ट रूप से बताते हैं कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। यह चुनाव प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत संग्रह साबित हुए हैं, जिसमें जनता ने भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकांश नगर परिषदों और नगर पंचायतों में बढ़त हासिल की। भाजपा ने अधिकृत रूप से अपने समर्थित उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, जबकि कांग्रेस अपने प्रत्याशी घोषित करने तक का साहस नहीं जुटा सकी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा 75 प्रतिशत निकाय जीतने के दावे करना राजनीतिक झूठ और जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय उसका अपमान करने में लगी हुई है। नगर परिषदों के परिणाम आने के बाद जानबूझकर नोटिफिकेशन रोके गए और भाजपा को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। जब अदालत में मामला पहुंचा तो सरकार को मजबूर होकर नोटिफिकेशन जारी करने पड़े। यह लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव संबंधी नियमों में बदलाव कर चुने हुए प्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त का रास्ता खोलने का प्रयास किया है। पहले निर्धारित समय सीमा में चुनाव करवाने का प्रावधान था, लेकिन अब अधिकारियों को मनमर्जी से बैठक बुलाने का अधिकार देकर हॉर्स ट्रेडिंग की संभावनाओं को बढ़ाया गया है। यह न केवल असंवैधानिक है बल्कि जनता के जनादेश के साथ खुला विश्वासघात भी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 3759 पंचायतों में हुए चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। लगभग 74 प्रतिशत प्रधान और 77 प्रतिशत उपप्रधान पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की विजय इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से त्रस्त है। मुख्यमंत्री के 80 प्रतिशत जीत के दावे पूरी तरह झूठे और तथ्यहीन हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस का वास्तविक जनाधार सामने आ गया है। मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 सीटें जीतकर कांग्रेस को केवल एक सीट पर समेट दिया। धर्मशाला में भाजपा ने 10 सीटों पर विजय प्राप्त की और सोलन में भी 10 सीट लेकर कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। पालमपुर में भी भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हुआ है। चार में से तीन नगर निगमों में भाजपा की स्पष्ट बढ़त इस बात का संकेत है कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय केवल धोखा दिया है। महिलाओं को गारंटी के नाम पर ठगा गया, युवाओं को रोजगार के नाम पर भ्रमित किया गया और किसानों को राहत देने के बजाय संकट में छोड़ा गया। प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं और सरकार केवल संस्थानों, स्कूलों तथा कार्यालयों पर ताले लगाने में व्यस्त है। इस जनमत से साफ है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास दर्ज किया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की विफलताओं के कारण आज कर्मचारी, पेंशनर, युवा और विभिन्न वर्ग सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं। हिमाचल की जनता ने इन चुनावों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि वह अब कांग्रेस सरकार के झूठ, कुशासन और जनविरोधी नीतियों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी तथा जनता की आवाज को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब देगी।
डॉ. राजीव बिंदल ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, समर्थित उम्मीदवारों एवं मतदाताओं को हार्दिक बधाई दी तथा प्रदेश की जागरूक जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और कांग्रेस सरकार के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश का परिणाम है।










