सबकी खबर , पैनी नज़र

September 27, 2026 5:45 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 27, 2026 5:45 pm

रोहड़ू अस्पताल बना बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र

शिमला 27 सितंबर 2026 प्रदेश सरकार दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ चिकित्सकों एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जिससे लोगों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इसी कड़ी में नागरिक अस्पताल रोहड़ू दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अस्पताल में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों को उपचार एवं आवश्यक जांच के लिए शिमला जाने की आवश्यकता कम हुई है और उन्हें अपने घर के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
अस्पताल 24 घंटे दे रहा स्वास्थ्य सेवाएं – डॉ रविंद्र शर्मा
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल रोहड़ू, डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल में 24 घंटे, सातों दिन आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। नागरिक अस्पताल रोहड़ू शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की करीब 02 लाख से अधिक आबादी को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 50 बिस्तरों वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक, 8 बिस्तरों की एसएनसीयू तथा 4 बिस्तरों की डे-केयर कैंसर यूनिट स्थापित की जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को औरबेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
करीब 3 लाख लोगों को मिल रहा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
नागरिक अस्पताल रोहड़ू से रोहड़ू, जुब्बल, कोटखाई, चौपाल एवं डोडरा-क्वार क्षेत्र के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। रोहड़ू नागरिक अस्पताल क्षेत्र की करीब 03 लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में कुल 200 बिस्तरों की क्षमता है तथा प्रतिदिन औसतन 800 से 1000 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 120 से 130 मरीजों को इनडोर उपचार की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा अस्पताल में हर माह औसतन 100 से 120 बड़ी एवं छोटी सर्जरी तथा 110 से 115 प्रसव करवाए जा रहे हैं।
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध
रोहड़ू नागरिक अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ब्लड बैंक, वेंटिलेटर सहित हाई डिपेंडेंसी यूनिट तथा पूरी तरह सुसज्जित सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, हड्डी रोग और नेत्र रोग के ऑपरेशन थिएटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में क्र्स्ना डायग्नोस्टिक्स लैब, अस्पताल की अपनी लैब तथा हंस फाउंडेशन द्वारा डायलिसिस सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। अस्पताल में वर्तमान में 22 चिकित्सक एवं 24 स्टाफनर्स कार्यरत हैं। इसके अलावा अस्पताल में 24 घंटे सातों दिन आपातकालीन सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
पोर्टेबल एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड मशीन से सुदृढ़ हो रही स्वास्थ्य सेवाएं
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीनों की सुविधा से मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। पोर्टेबल होने के कारण इन मशीनों को आवश्यकता अनुसार मरीज के पास ले जाकर जांच की जा सकती है, जिससे विशेषकर आपातकालीन एवं दुर्घटना के मामलों में काफी सुविधा मिल रही है। लगभग 6 लाख रुपये की लागत से स्थापित पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के माध्यम से जांच शुरू हो चुकी है। यह मशीन 20 जून को अस्पताल में स्थापित की गई थी तथा इसके संचालन के लिए 5 चिकित्सकों को लाइसेंस प्रदान किया गया है।
वहीं, लगभग 28 लाख रुपये की लागत वाली पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से भी आगामी तीन सप्ताह में जांच शुरू होने की संभावना है। इसके संचालन के लिए आवश्यक 6 एमएम वायरिंग एवं अर्थिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इन सुविधाओं से अस्पताल में मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक जांच उपलब्ध होने के साथ-साथ समय पर उपचार में भी सहायता मिलेगी।
डे-केयर कैंसर यूनिट होगी स्थापित
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में 4-बेड की डे-केयर कैंसर यूनिट जल्द स्थापित की जाएगी, जिसे स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यूनिट के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है तथा इसके लिए स्थान का चयन भी किया जा चुका है। संबंधित कंपनी द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। वर्तमान में भी नागरिक अस्पताल रोहड़ू में कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। अलग से डे-केयर कैंसर यूनिट स्थापित होने से मरीजों को उपचार के लिए बेहतर एवं समर्पित सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें इसका विशेष लाभ मिलेगा।
अस्पताल में डायलिसिस सेंटर सुचारू रूप से संचालित
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में मरीजों की सुविधा के लिए हंस फाउंडेशन के सौजन्य से 6-बेड का डायलिसिस सेंटर सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। सेंटर में मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। सेंटर में हंस फाउंडेशन द्वारा चिकित्सक एवं प्रशिक्षित स्टाफ की सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों से संचालित इस केंद्र से क्षेत्र के मरीजों को निरंतर लाभ मिल रहा है। वर्तमान में सेंटर में प्रतिदिन लगभग 12 मरीजों का डायलिसिस किया जा रहा है। अस्पताल में एक डायलिसिस मशीन एचआईवी संक्रमित एवं हेपेटाइटिस-बी से ग्रसित मरीजों के लिएसमर्पित रखी गई है, जिससे ऐसे मरीजों को सुरक्षित एवं आवश्यक डायलिसिस सुविधा उपलब्ध हो रही है।
23 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इसमें करीब 17 करोड़ रुपये भवन निर्माण तथा 6 करोड़ रुपये चिकित्सा उपकरण एवं मशीनरी के लिए प्रस्तावित हैं। भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अब तक लगभग 15 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। निर्माण कार्य लगभग दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण से विशेष रूप से आपातकालीन मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ब्लॉक में 20 बेड आपातकालीन मरीजों के लिए निर्धारित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त लेबर रूम, दो ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू बेड, आइसोलेशन वार्ड, लिफ्ट, रैंप, हीटिंग सिस्टम तथा चिकित्सकों एवं स्टाफ के लिए ड्यूटी रूम सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ब्लॉक की एक महत्वपूर्ण विशेषता उसमे बनने वाली समर्पित लैब भी होगी, जिसमें माइक्रोबायोलॉजी से संबंधित स्टाफ के लिए आवश्यक व्यवस्था होगी। इससे विभिन्न प्रकार के संक्रमण एवं अन्य बीमारियों की जांच में सुविधा मिलेगी तथा मरीजों को अस्पताल में ही आवश्यक जांच एवं उपचार की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
16-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन होगी स्थापित
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में डुअल मोड 16-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। मशीन को आगामी दो माह के भीतर स्थापित करने का लक्ष्य है। सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों में गंभीर बीमारियों का समय पर एवं बेहतर निदान करने में सहायता मिलेगी। मशीन की उच्च रेजोल्यूशन क्षमता के साथ-साथ इसकी रिपोर्टिंग सुविधा भी बेहतर एवं त्वरित होगी। इससे मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
50 यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक सुचारू रूप से संचालित
नागरिक अस्पताल रोहड़ू में 50 यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के मरीजों कोआवश्यकतानुसार रक्त की सुविधा उपलब्ध हो रही है। अस्पताल में प्रतिदिन आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में ब्लड बैंक की सुविधा मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इससे आपातकालीन एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में सहायता मिल रही है।