सबकी खबर , पैनी नज़र

November 12, 2026 3:47 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

November 12, 2026 3:47 pm

शूलिनी विवि और ताशकंद स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी ने संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय डिजिटल शिक्षा सम्मेलन आयोजित किया

उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, रूस सहित कई देशों के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने लिया हिस्सा; डिजिटल शिक्षा और बहुविषयक शोध पर हुआ विचार-विमर्श

सोलन, 12 नवंबर 2026, शूलिनी विश्वविद्यालय, और ताशकंद स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी (TSMU), उज्बेकिस्तान के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल शिक्षा पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। ऑनलाइन आयोजित किये गए सम्मेलन का विषय डिजिटल शैक्षिक वातावरण में बहुविषयक ज्ञान का समावेश: अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विकास की संभावनाएं’ था । इस सम्मेलन में उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, रूस और आसपास के देशों के शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभागी जुड़े।
उद्घाटन सत्र में शूलिनी विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ एप्लाइड साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी के डीन एवं प्रोफेसर प्रो. दिनेश कुमार ने मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने डिजिटल शिक्षा और विभिन्न विषयों को एक साथ जोड़कर पढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में शोध, नवाचार और शिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग आज बेहद जरूरी है।
ताशकंद स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के रेक्टर प्रो. शुखरत अब्दुजलिलोविच बोयमुरादोव ने दोनों विश्वविद्यालयों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल सम्मेलन के लिए बधाई दी। उन्होंने भारत और उज्बेकिस्तान के बीच शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत बनाने तथा दोनों विश्वविद्यालयों के बीच भविष्य में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद जताई।
शूलिनी विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ एप्लाइड साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी के सहायक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत ने ‘बायोमेडिकल शोध और उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं बायोइन्फॉर्मेटिक्स का उपयोग: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की चुनौती से निपटने के नए अवसर’ विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया।
अपने व्याख्यान में डॉ. कांत ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस औरबायोइन्फॉर्मेटिक्स की मदद से स्वास्थ्य क्षेत्र की एक बड़ी चुनौती, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी दवाओं के प्रति सूक्ष्म जीवों की बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता से निपटने के लिए बेहतर शोध और डेटा आधारित समाधान विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य के शोधकर्ताओं को आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ विभिन्न विषयों का ज्ञान देना भी जरूरी है, ताकि वे स्वास्थ्य और चिकित्सा से जुड़ी जटिल समस्याओं का समाधान खोज सकें।
इस सम्मेलन ने बायोमेडिकल साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के विषय पर विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान किया। सम्मेलन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विभिन्न विषयों के ज्ञान और नई तकनीकों को शिक्षा के साथ जोड़कर विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भविष्य की वैज्ञानिक, तकनीकी और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकता है।