सबकी खबर , पैनी नज़र

October 25, 2026 10:24 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 25, 2026 10:24 am

जिला में गर्म लहर के चलते बरतें सावधानियां

लू से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें  
लक्षण दिखने पर तुरंत समीप के स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं
मंडी, 21 मई।  उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्व देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग द्वारा आगामी कुछ दिनों में जिला मंडी में गर्म लहर चलने की चेतावनी जारी की है। उन्होंने जिला वासियों से आग्रह किया कि है कि हीट स्ट्रोक/लू लगने से बचाव के लिए सावधानियां बरतें ।
लू लगने पर क्या करें
    उन्होंने बताया कि लू लगने पर व्यक्ति को छाया में लेटा दें तथा अगर व्यक्ति ने तंग कपड़े पहने हों तो उसे ढीला कर दें या हटा दें। ठंडे गीले कपड़े से शरीर को पोंछें व ठंडे पानी से नहलायें। लोग अपने  घरों को ठंडा रखें, परदे, शटर आदि का इस्तेमाल करें । रात को खिड़कियों को खुला रखें। अगर व्यक्ति की तबीयत ठीक न लगे या चक्कर आए तो तुरंत उस व्यक्ति को डॉक्टर के पास ले जायें। लोग ओ0आर0एस0/निम्बू पानी व नमक चीनी का घोल पीते रहें। यदि व्यक्ति पानी की उल्टियां करें या बेहोश हो तो उसे कुछ भी खाने व पीने को न दें। लू लगे व्यक्ति की हालत  में एक घंटे तक सुधार न हो तो उसे तुरंत समीप के स्वास्थ्य केंद्र में ले जायें।
क्या न करें
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान जहां तक संभव हो कड़ी धूप में बाहर न निकलें। अधिक तापमान में कठोर कार्य न करें। जहां तक संभव हो तेज धूप में बाहर के कार्य को करने से बचें। बताया कि इस मौसम में शराब, चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पेय पदार्थ, कोल ड्रिंक्स गैस वाले पदार्थों का सेवन न करें। छोटे बच्चों को धूप में न खेलने दें। उन्होंने बताया कि वर्तमान मौसम में बासा खाना न खाये, धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोडें़। प्यास न लगने पर भी पानी पीते रहे।
गर्मी लगने पर प्राथमिक चिकित्सा के उपाय-
उन्होंने बताया कि लू लगने पर मरीज को छाया में रखें तथा पैरों को थोड़ा ऊंचा रख के लिटायें। पंखे का प्रयोग करके हवा के प्रवाह को तेज करें। बेहोशी की हालत में अगर उल्टियां हो तो करवट के बल लिटायें। गंभीर लक्षण होने पर समीप के स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं या एम्बुलेंस को कॉल करें।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें कॉल
उपायुक्त ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को 01905-226201, 226202, 226203 तथा 226204 तथा टोल फ्री नम्बर 1077 पर कॉल कर सकते हैं।
उन्होंने जिला वासियों से आग्रह किया कि वे गर्मी के मौसम में आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकले तथा प्रशासन द्वारा जारी सावधानियों पर अमल करें।