सबकी खबर , पैनी नज़र

August 18, 2026 10:52 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

August 18, 2026 10:52 am

नशे के विरुद्ध आयोजित गतिविधियों की हो नियमित रिपोर्टिंग – अनुपम कश्यप

शिमला 30 जून, 2026,

 

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि नशे के विरुद्ध पूरे जिला में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में हो रहे अच्छे कामों की रिपोर्ट तैयार कर उसकी रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त आज यहाँ जिला के सभी एसडीएम और डीएसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय एन-कॉर्ड समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पर जोर दें। नशा मुक्त समाज बनाने के लिए विस्तृत कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जिला में नशे को रोकने के लिए अच्छा कार्य हो रहा है लेकिन उसकी सही रिपोर्टिंग नहीं हो रही है जिससे जिला की नशे के विरुद्ध कार्रवाई धीमी नजर आती है।

10 दिन के भीतर पूरे करें निशानदेही के मामले

उपायुक्त ने सभी एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को अगले 10 दिन में उनके क्षेत्र में नशा तस्करों की संपत्ति की निशानदेही पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सूची आज ही सभी एसडीएम के साथ साझा कर ली जाएगी जिनकी संपत्ति की निशानदेही होनी है ताकि आगामी 10 दिन के भीतर यह कार्यवाही पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की कमर तोड़ने में यह कार्यवाई बेहद कारगर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि संपत्ति की जांच पूरी पारदर्शिता और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए।

ग्रामीण स्तर पर आयोजित हो नियमित बैठकें

अनुपम कश्यप ने सभी एसडीएम को ग्रामीण स्तर पर नियमित बैठक आयोजित करवाने और बैठकों में नम्बरदारों, प्रधानों और उपप्रधानों सहित अन्य नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाली यह बैठकें ही खुफिया जानकारी का साधन होती हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नवनिर्वाचित हुए विभिन्न पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों ने अपनी पंचायतों को नशा मुक्त बनाने का प्रण लिया है जो जिला को नशा मुक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम और डीएसपी इस दिशा में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इस समस्या को खत्म करने में सतर्कता समितियों, स्थानीय पुलिस और स्थानीय नंबरदारों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

जिला में नशे के विरुद्ध हो रहा बेहतरीन कार्य

बैठक में बताया गया कि चौपाल उपमंडल में अफीम की खेती के तीन मामले पकडे गए हैं जिन पर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। इसी प्रकार, रोहड़ू उपमंडल में भी अफीम के लगभग 3500 पौधे नष्ट किये गए हैं। ड्रोन की सहायता से क्षेत्र का एरियल सर्वे करवा कर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। इसके अतिरिक्त, रामपुर के तकलेच, सुंगरी और ननखड़ी में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।

जागरूकता गतिविधियों को भी दें बढ़ावा

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को शिक्षण संस्थानों में छात्रों और युवाओं को नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गतिविधियां आयोजित करने के उपरांत उसकी रिपोर्ट उपायुक्त एवं एसएसपी कार्यालाय को भी साझा करें। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी समय-समय पर शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें।

वित्तीय जांच को सुदृढ़ करें – एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पीआइटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत आदतन अपराधियों की रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की सम्पतियों की वित्तीय जांच को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे अपराधियों की सम्पत्तियों को गिराया जायेगा तो यह नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की कमर तोड़ने में बेहद कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि एन-कॉर्ड से सम्बंधित कोई भी जानकारी मिलती है तो उस पर की गई कार्यवाई की रिपोर्ट जरूर तैयार करें।

यह भी रहे उपस्थित

बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।