*एमडब्ल्यूए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी, महासचिव डॉ. सुरेंद्र मेहता व कोषाध्यक्ष तरुण कपूर के मार्गदर्शन में कैथल के पत्रकारों की उल्लेखनीय पहल*
*कैथल*। मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए) की कैथल जिला कार्यकारिणी की ओर से पत्रकारों को बदलती तकनीक से जोड़ने की दिशा में की गई महत्वपूर्ण पहल के तहत आयोजित 15 दिवसीय एआई वर्कशॉप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। आर.के.एस.डी. कॉलेज, नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर और व्हाइट बैंगर के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े 30 पत्रकारों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की विभिन्न तकनीकों की जानकारी हासिल की। रविवार को आर.के.एस.डी. कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में सभी प्रतिभागी पत्रकारों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
एमडब्ल्यूए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी, महासचिव डॉ. सुरेंद्र मेहता और कोषाध्यक्ष तरुण कपूर की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में कैथल के पत्रकारों द्वारा शुरू की गई यह पहल मीडिया क्षेत्र में तकनीकी बदलावों के साथ कदमताल करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास के रूप में सामने आई है। संगठन का मानना है कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप में एआई की जानकारी अब केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि पेशेवर आवश्यकता बनती जा रही है। कैथल इकाई ने पत्रकारों को इस नई तकनीक से जोड़कर इस दिशा में एक व्यावहारिक पहल की है।
प्रमाण पत्र वितरण समारोह में आर.के.एस.डी. कॉलेज के प्रधान अश्वनी शोरेवाला मुख्यातिथि रहे। आर.के.एस.डी. फार्मेसी कॉलेज के प्रधान नवनीत गोयल, महासचिव पंकज बंसल, आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रिंसिपल गगन मित्तल, नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के इंचार्ज बीमल ठाकुर, एजु अस इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अभिषेक गुप्ता, व्हाइट बैंगर के निदेशक संजय शर्मा तथा मीडिया वेलबीइंग *एसोसिएशन के उत्तर भारत के वरिष्ठ उपप्रधान नवीन मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।*
अतिथियों का किया सम्मान
समारोह में पहुंचे अतिथियों का एमडब्ल्यूए कैथल के प्रधान सुखविंद्र सैनी,उपप्रधान सुरज सहारण, ओपी सैनी, महासचिव मोहन नायक, कोषाध्यक्ष विक्रम यादव, ललित यादव, सुनील जांगड़ा, मोहित गुलाटी, प्रवेश बहादुर, विनित गर्ग और राजेश कैथ सहित अन्य पत्रकार साथियों ने बुके, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।*
*पत्रकारों के हित में लगातार काम कर रही एमडब्ल्यूए : नवीन मल्होत्रा*
एमडब्ल्यूए के उत्तर भारत के वरिष्ठ उपप्रधान नवीन मल्होत्रा ने कहा कि संगठन पत्रकारों और उनके परिवारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से पत्रकारों को नि:शुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस तथा कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि एआई वर्कशॉप जैसी पहल पत्रकारों को समय के साथ तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में उपयोगी साबित होगी। पत्रकारिता में खबरों के शोध, तथ्य जुटाने, कंटेंट तैयार करने, डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल में नई तकनीक की समझ महत्वपूर्ण होती जा रही है।
*पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु : अश्वनी शोरेवाला*
आर.के.एस.डी. कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकार जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को भी आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा एक छात्र की तरह एआई की जानकारी हासिल करना सराहनीय पहल है। बदलते मीडिया परिदृश्य में एआई की जानकारी समय की जरूरत बन चुकी है। उन्होंने एमडब्ल्यूए के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी तथा कैथल जिला अध्यक्ष सुखविंद्र सैनी द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
*स्किल सेंटर युवाओं के लिए मील का पत्थर : नवनीत गोयल*
आर.के.एस.डी. फार्मेसी कॉलेज के प्रधान नवनीत गोयल ने कहा कि आर.के.एस.डी. नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर कैथल के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिंदल की ओर से स्किल सेंटर खोलने का प्रस्ताव रखे जाने के बाद कॉलेज कार्यकारिणी ने इस पर विचार किया और शिक्षा के साथ युवाओं को स्किल प्रशिक्षण देने की आवश्यकता महसूस की गई।
उन्होंने कहा कि सेंटर में सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। इससे रोजगार और विदेश में बेहतर अवसर तलाशने वाले युवाओं को भी लाभ मिल सकता है। उन्होंने इस पहल के लिए सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त किया।
*आगे भी जारी रहेंगे पत्रकार हित के प्रयास : सुखविंद्र सैनी*
एमडब्ल्यूए कैथल के जिला प्रधान सुखविंद्र सैनी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों तथा सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। बदलते दौर में पत्रकारों को नई तकनीकों से जोड़ना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि 15 दिवसीय एआई वर्कशॉप के माध्यम से कैथल के पत्रकारों ने यह संदेश दिया है कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलती तकनीक को समझना और उसे जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता में उपयोग करना भी आज की आवश्यकता है। एमडब्ल्यूए नेतृत्व के मार्गदर्शन में कैथल के पत्रकारों की यह पहल आने वाले समय में अन्य जिलों के पत्रकारों के लिए भी उपयोगी उदाहरण बन सकती है।








