विकसित भारत युवा संवाद – “अपने मत को जानें (KNOW YOUR VOTE)”
मेरा युवा भारत (MY BHARAT), चम्बा, हिमाचल प्रदेश द्वारा युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में दिनांक 5 नवम्बर 2026 को राजकीय महाविद्यालय, सलूणी, जिला चम्बा में “विकसित भारत युवा संवाद – अपने मत को जानें (Know Your Vote)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाकर लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना, मतदान के प्रति जिम्मेदार एवं सूचित भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना था।
यह कार्यक्रम देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम में श्री डी.एस. ठाकुर, माननीय विधायक, डलहौजी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त श्री मिर्ज़ा फरहान, खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्ती (Sports Icon) तथा श्री अर्पित जरीयाल, युवा आइकन (Youth Icon) ने भी विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। उनकी उपस्थिति से युवाओं को सार्वजनिक नेतृत्व, खेल उत्कृष्टता और युवा आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री डी.एस. ठाकुर ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, जिम्मेदार नागरिकता तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और मुख्य अतिथि के बीच आयोजित संवादात्मक सत्र रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए तथा शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक कर्तव्यों, मतदान के महत्व और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ (Loktantrik Pledge) के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक भागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में जिला युवा अधिकारी, चम्बा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के और करीब लाकर ऐसी पीढ़ी का निर्माण करना है, जो न केवल देश की प्रगति के प्रति जागरूक हो, बल्कि उसमें सक्रिय योगदान भी दे। यह पहल राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति को केंद्र में रखते हुए युवाओं के विचारों, आकांक्षाओं और जिम्मेदारी की भावना को सार्थक योगदान में परिवर्तित करने तथा विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
आयोजक:
मेरा युवा भारत (MY BHARAT), चम्बा
हिमाचल प्रदेश








