सबकी खबर , पैनी नज़र

November 12, 2026 5:55 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

November 12, 2026 5:55 pm

विधायक अनिरुद्ध सिंह ने राजीव भवन शिमला में ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी की बैठक बुलाकर समन्वयकों की नियुक्ति पर की चर्चा

शिमला, 12 नवंबर। कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में आज शिमला स्थित राजीव भवन में ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रत्येक गांव, वार्ड, पंचायत, बूथ और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए समन्वयकों की नियुक्ति और उनकी जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।
कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि इस व्यवस्था के तहत क्षेत्र की 38 पंचायतों और 18 वार्डों को 18 जोन में बांटा जाना है। बैठक में प्रत्येक जोन के लिए एक समन्वयक की नियुक्ति की गई। इन नियुक्तियों का उद्देश्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद, बेहतर तालमेल और जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन नियुक्तियों का किसी संगठनात्मक पद या पद की दावेदारी से कोई संबंध नहीं है।
बैठक में पंचायत व वार्ड समन्वयकों, ग्राम समितियों तथा महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के समन्वयकों की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रत्येक स्तर पर मीडिया समन्वयक नियुक्त करने पर विचार किया गया, ताकि संगठन की गतिविधियों और सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से लोगों तक पहुंचाया जा सके।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि समन्वयकों का दायित्व अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क रखना, संगठनात्मक गतिविधियों में तालमेल बनाना और सौंपे गए कार्यों को आगे बढ़ाना होगा। उनसे साप्ताहिक कार्य रिपोर्ट ली जाएगी और कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जल्द ही महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी की अलग-अलग बैठकें बुलाई जाएंगी। इनमें संगठनात्मक कार्यों और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कसुम्पटी में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। नियमित संवाद और सक्रिय भागीदारी से संगठन को हर गांव और हर बूथ पर और मजबूती दी जाएगी।