राजकुमार दीक्षित/सीतापुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में मृतक किसानों के परिजनों से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को हाउस अरेस्ट किया गया था. इसके बाद से ही कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रियंका गांधी की रिहाई को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता आज नए जोश में फिर दिखाई दिए हैं. कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और पुलिस को चेतावनी देते हुए प्रियंका गांधी की रिहाई की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही प्रियंका गांधी को रिहा नहीं किया गया, तो कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों को जाम कर देंगे. इतना ही नहीं, वे पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेंगे.
आंदोलन की दी चेतावनी
बीती रात भी पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित करते हुए ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा. उन्होंने चेताया था कि अगर मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन पर उतरेंगे. कांग्रेस नेता चंद्रेश उपाध्याय ने भी मीडिया में कहा था कि लखीमपुर खीरी में किसानों पर हुए अत्याचार की वह निंदा करते हैं और उनके लिए इंसाफ चाहते हैं.
आरोपियों पर हो कार्रवाई
अब प्रियंका गांधी के हाउस अरेस्ट होने के बाद पार्टी की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाए और किसानों की मौत के आरोपियों पर जल्द कार्रवाई हो.
लखनऊ में PM मोदी: उत्तर प्रदेश को मिलेगा 4737 करोड़ रुपए की 75 परियोजनाओं का उपहार
लखीमपुर खीरी हिंसा में 1 पत्रकार समेत 9 लोगों की मौत हुई
बीते 3 अक्टूबर की शाम लखीमपुर खीरी में आंदोलनरत किसानों और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में कुल 9 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में किसान पक्ष के 4 सदस्य और अजय मिश्रा टेनी के 3 कार्यकर्ता व ड्राइवर शामिल हैं. इस हिंसा में घायल एक पत्रकार की 4 अक्टूबर को इलाज के दौरान मौत हो गई.
संयुक्त किसान मोर्चा ने किया था गोली लगने से मौत का दावा
संयुक्त किसान मोर्चा ने दावा किया था कि 4 किसानों में से एक की हत्या केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष (मोनू) मिश्रा ने गोली मारकर की है. अन्य किसानों को गाड़ी से कुचलकर मारा गया है. हालांकि, किसानों के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद गोली मारने की बात अफवाह साबित हुई है. अन्य मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी जल्द सामने आ जाएगी.
WATCH LIVE TV










