सबकी खबर , पैनी नज़र

October 13, 2026 10:29 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 13, 2026 10:29 pm

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग की आधारभूत सुविधाओं में सुधार को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की समीक्षा

शिमला :13 अक्टूबर 2026, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर विशेष जोर

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुरक्षित आवासीय सुविधाएं और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, संपर्क सड़क की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था में सुधार, छात्रावासों की कमियों को दूर करने, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलते हैं। ऐसे में विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक वातावरण विकसित करना आवश्यक है, जहां विद्यार्थियों का शैक्षणिक विकास होने के साथ-साथ उनका व्यक्तित्व भी निखरे। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने सवाल शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और विशेषज्ञों के समक्ष बेझिझक रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में बढ़ते गुस्से और व्यवहार संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन को प्रेरणादायक एवं सकारात्मक गतिविधियां आयोजित करनी चाहिए। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति निरंतर जागरूक करने के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों से जोड़ना जरूरी है।
संपर्क सड़क की मरम्मत और विद्युत व्यवस्था में सुधार पर जोर
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 से विद्यालय को जोड़ने वाली संपर्क सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सड़क की खराब हालत के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की व्यवस्था तथा विद्युत लाइनों में इंसुलेटेड केबल लगाने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त टाइप-3 के 16 नवनिर्मित कर्मचारी आवासों में निर्माण संबंधी कमियों को दूर करने तथा छात्रावासों में सीवरेज, जल निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार करने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता, स्वास्थ्य और विद्यार्थियों की सुरक्षा प्राथमिकता
विद्यालय में लगभग 560 विद्यार्थियों के अध्ययन एवं आवास की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कूड़े के नियमित निस्तारण, सरकारी चिकित्सालय के माध्यम से निःशुल्क दवाइयों की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के विषय पर चर्चा की गई। विद्यालय परिसर एवं आसपास आवारा कुत्तों से विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।
विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए खुले शेड के निर्माण और 15 किलोवाट पीक (केवीपी) क्षमता के सोलर पैनल स्थापित करने पर चर्चा हुई। छात्रावासों में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 2,000 लीटर से कम क्षमता वाले छह सोलर गीजर स्थापित करने का विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा।
प्रवेश परीक्षा के संचालन को बेहतर बनाने पर चर्चा
कक्षा छठी, नौवीं और ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के पंजीकरण एवं परीक्षा संचालन को सुचारु बनाने पर भी चर्चा की गई। इसके अंतर्गत परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
शैक्षणिक उपलब्धियों में विद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. अमिशा भलूनी ने सीबीएसई परीक्षा-2026 में 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। युवा संसद प्रतियोगिता में विद्यालय ने लगातार दो वर्षों तक क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय ने पिछले वर्ष चौथा तथा इस वर्ष तीसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा-2025 में विद्यालय के एक छात्र ने राज्य स्तरीय तथा दो छात्रों ने जिला स्तरीय पुरस्कार प्राप्त किए। ये पुरस्कार हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा प्रदान किए गए। होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र, मुंबई द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य ओलंपियाड में विद्यालय की दो छात्राओं ने कांस्य पदक हासिल किए। गणित ओलंपियाड की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एक तथा क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीन विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
खेलकूद, स्काउट एवं गाइड और सांस्कृतिक गतिविधियों में उपलब्धियां
इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय के 34 विद्यार्थियों, जिनमें 17 छात्र और 17 छात्राएं शामिल हैं, ने राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसके अतिरिक्त एक छात्र ने एसजीएफआई स्तर पर प्रतिभाग किया। स्काउट एवं गाइड गतिविधियों में चार छात्रों और छह छात्राओं को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त हुए।
कला उत्सव के अंतर्गत संकुल स्तरीय वोकल फोक सॉन्ग, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो और क्लासिकल सोलो प्रतियोगिताओं में एक छात्र ने प्रथम तथा पांच छात्रों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्षेत्रीय स्तर की क्लासिकल सोलो प्रतियोगिता में एक छात्र ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित विकसित भारत बिल्डथॉन के अंतर्गत स्थानीय संगीत विषय पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के दो छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, AGASTYA INTERNATIONAL FOUNDATION द्वारा आयोजित साइंस एनरिचमेंट प्रोग्राम के लिए विद्यालय के निपुण कांगोज और ललित कुमार का चयन हुआ।
प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
विद्यालय के छात्र गिरिक व्यास ने एनडीए की वर्ष 2025 बैच की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर एसएसबी साक्षात्कार में भाग लिया। एनटीए द्वारा आयोजित होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी की एनसीएचएमसीटी (जेईई) परीक्षा में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय स्तर पर AIR-582, AIR-848, AIR-1950, AIR-6035 और AIR-6433 रैंक प्राप्त कीं।
भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय की सामान्य प्रवेश परीक्षा-2025 (IMUCET-2025) में भी छात्र गिरिक व्यास ने अखिल भारतीय स्तर पर AIR-2180 रैंक हासिल की। इसके अतिरिक्त विद्यालय ने संसदीय राजभाषा निरीक्षण में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय के जूनियर विंग के 25 छात्र-छात्राओं को एनसीसी का ‘ए’ प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है।
बैठक में विद्यालय की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, आवासीय और सह-पाठ्यक्रम सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य  रोशन लाल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।