सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

March 15, 2026 10:01 am

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की

शिमला 01 अक्तूबर, 2025,मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जयंति पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सतत संघर्ष और सत्याग्रह की शक्ति से देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद करवाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र को समर्पित किया और उनके इस योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए सभी से सामाजिक बुराइयों को मिटाने और नशा-मुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। समृद्ध परिवार में जन्म लेने के बावजूद वे जनता की गरीबी और दुःख को भली-भांति महसूस करते थे और अंत तक निरंतर देशवासियों के हित के लिए लड़ते रहे। उन्होंने कहा कि आज उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने सीटीओ में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की प्रगति में शास्त्री जी के योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिमला पुलिस के लिए दो नए वाहनों को हरी झंडी भी दिखाई।
राज्यपाल की धर्मपत्नी जानकी शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक हरीश जनारथा, उपमहापौर उमा कौशल, शिमला नगर निगम के पार्षदगण, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।