कार के खाई में गिरने से हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक, शोक संतप्त परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदनाएं : नड्डा
मंडी, 18 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र के समीप एक कार के गहरी खाई में गिरने से कई लोगों की मृत्यु होने की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
नड्डा ने कहा कि मंडी जिले के लडभड़ोल के पास हुए सड़क हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दुर्घटनाओं में अपनों को खोने का दुख असहनीय होता है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
जगत प्रकाश नड्डा ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, “दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।”
नड्डा ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।





