शिमला। श्री वीरेंद्र कुमार, अपर महानिदेशक (दूरसंचार), हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र (HP LSA), दूरसंचार विभाग (DoT) की अध्यक्षता में दिनांक 17 नवंबर 2026 को बीएसएनएल, शिमला के सम्मेलन कक्ष में बिक्री केंद्र (PoS) जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। बिक्री केंद्र (PoS) से तात्पर्य दूरसंचार सेवा प्रदाता (TSP) द्वारा ग्राहकों को मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए अधिकृत खुदरा विक्रेताओं, फ्रेंचाइजी अथवा वितरकों से है। इस सत्र में चार दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSPs), अर्थात् भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL), वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (Vi), रिलायंस जियो एवं भारती एयरटेल के PoS प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस सत्र का मुख्य उद्देश्य बिक्री केंद्र (PoS) कर्मियों को दूरसंचार विभाग के नवीनतम दिशा-निर्देशों, उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों तथा नए मोबाइल कनेक्शन जारी करने और सिम स्वैप (SIM Swap) अनुरोधों के प्रसंस्करण से संबंधित अनिवार्य नियामकीय आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना था। निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने, ग्राहकों का सही तरीके से सत्यापन करने तथा अनधिकृत रूप से मोबाइल कनेक्शन जारी करने और उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर विशेष बल दिया गया, ताकि दूरसंचार से संबंधित साइबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाया जा सके।
इस सत्र में चारों TSPs के लगभग 50 बिक्री केंद्र (PoS) कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्राहक सत्यापन एवं सिम जारी करने की प्रक्रियाओं के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों को अपने दैनिक कार्यों में सतर्कता बनाए रखने, निर्धारित सत्यापन प्रक्रियाओं का पालन करने तथा पूरी सावधानी बरतने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। चर्चा के दौरान ग्राहक सत्यापन की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने तथा मोबाइल कनेक्शनों से संबंधित धोखाधड़ीपूर्ण गतिविधियों के विरुद्ध सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने में बिक्री केंद्र (PoS) कर्मियों की प्रथम संपर्क बिंदु के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।





