सबकी खबर , पैनी नज़र

September 17, 2026 10:09 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 17, 2026 10:09 am


स्वतंत्रता दिवस पर हिमरी पंचायत में राष्ट्रभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश

हिमरी, 15 अगस्त। ग्राम पंचायत हिमरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत समिति के प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्यगण, पंचायत प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायत मुख्यालय में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त सैनिकों तथा समाज के लिए निरंतर सेवा एवं योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
समारोह के साथ ही ग्राम पंचायत हिमरी में ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता पखवाड़े का भी आयोजन किया गया। पंचायत के विभिन्न गांवों में महिला मंडलों की बहनों एवं कार्यकर्ताओं ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। महिलाओं ने पूरे उत्साह, जिम्मेदारी एवं सेवा-भावना के साथ गांवों की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत हिमरी के प्रधान एवं उपप्रधान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देशभक्ति का पर्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का अवसर भी है। महिला मंडलों द्वारा स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने सभी महिला मंडलों, युवक मंडलों, सामाजिक संस्थाओं, सेवानिवृत्त सैनिकों, समाजसेवियों तथा समस्त ग्रामवासियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी पंचायत के विकास, स्वच्छता एवं जनकल्याण के कार्यों में इसी प्रकार सामूहिक सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायत हिमरी ने ‘स्वच्छ गांव–सुंदर गांव, सशक्त पंचायत–समृद्ध हिमरी’ का संकल्प दोहराया।