Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

राज्यपाल ने वृंदावन में श्री दयाराम बद्री केदार उत्तराखंड आश्रम का किया लोकार्पण

राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं विरासत से जोड़ना आवश्यक: राज्यपाल                            शिमला 19 नवम्बर,2026, राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
वृंदावन में श्री दयाराम बद्री केदार उत्तराखंड आश्रम का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘विरासत के साथ विकास’ के दृष्टिकोण एक आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करता है। यह दृष्टिकोण हमें अपनी सभ्यतागत और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, देश के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को विशेष प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसके अंतर्गत तीर्थस्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विकास तथा केदारनाथ के पुनर्निर्माण एवं आधारभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए उठाए गए विभिन्न कदम इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि देश की आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और विकास को राष्ट्रीय प्रगति के साथ समान महत्व दिया जा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसकी वास्तविक आत्मा प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं तथा करुणा, सेवा, सद्भाव और मानवता जैसे शाश्वत मूल्यों में समाहित है।
वृंदावन को भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पवित्र धरा प्रेम, भक्ति और निःस्वार्थ सेवा के आदर्शों से करोड़ों श्रद्धालुओं को निरंतर प्रेरित करती रही है।
राज्यपाल ने परम पूज्य श्री कमलनयन जी महाराज के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और समर्पित प्रयासों के फलस्वरूप इस आश्रम की स्थापना संभव हुई है। उन्होंने इस पुनीत कार्य से जुड़े आयोजकों, दानकर्ताओं और अन्य सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि आश्रम केवल एक अधोसंरचना नहीं है, बल्कि यह आस्था, संस्कार, सेवा और मानवता का जीवंत केंद्र होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान आध्यात्मिक शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।

Have something to say? Post your comment