सबकी खबर , पैनी नज़र

September 24, 2026 4:46 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 24, 2026 4:46 am

*पेंशनर रोगियों के लिए हिम केयर स्वास्थ्य कार्ड सेवाएं पुनः बहाल किए जाने हेतु खुला पत्र*

सेवा में,
माननीय मुख्यमंत्री महोदय
हिमाचल प्रदेश सरकार
शिमला

*विषय : पेंशनर रोगियों के लिए बंद की गई आयुष्मान/स्वास्थ्य कार्ड सेवाएं पुनः बहाल किए जाने के संबंध में खुला पत्र।*

महोदय,
सविनय निवेदन है कि मैं रक्षा कंवर, एक समाजसेविका के रूप में समाज हित की एक अत्यंत गंभीर समस्या को आपके संज्ञान में लाना चाहती हूँ। प्रदेश सरकार द्वारा पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य कार्ड/आयुष्मान कार्ड की सेवाएं बंद कर दी गई हैं, जिसके कारण गंभीर रूप से बीमार पेंशनर रोगियों एवं उनके परिवारों को भारी मानसिक, शारीरिक और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
मेरे अपने परिवार का उदाहरण इस पीड़ा को स्पष्ट करता है। मेरे पिताजी की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं, उन्हें हृदय रोग की भी गंभीर समस्या है और वर्तमान में वे आईजीएमसी/चमियाना चिकित्सालय में भर्ती हैं। पेंशनर होने के कारण उनका स्वास्थ्य कार्ड बंद कर दिया गया है, जिससे महंगे टेस्ट, दवाइयां और संभावित ऑपरेशन का खर्च वहन करना हमारे लिए असंभव होता जा रहा है।
महोदय, यह समस्या केवल मेरी नहीं है।
श्री करतार कौर, कृष्णा नगर, शिमला
श्री लाहौरी सिंह, गांव मंधोल, तहसील जुब्बल
श्री गोपाल सिंह, गांव सैंडली, डाकघर दिया, तहसील चौपाल
जैसे अनेक पेंशनर लंबे समय से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं और वर्तमान में अस्पतालों में इलाजरत हैं। ऐसे पेंशनर, जिनकी मासिक पेंशन मात्र 5,000 से 15,000 रुपये के बीच है, वे महंगे इलाज का बोझ कैसे उठा सकते हैं? बढ़ती उम्र में बीमारियां स्वाभाविक हैं, परंतु यदि इलाज की मूलभूत सुविधा ही छीन ली जाए तो एक बुजुर्ग अपना जीवन कैसे बचा पाएगा?
माननीय मुख्यमंत्री महोदय,
स्वास्थ्य कोई विलासिता नहीं, बल्कि मूल अधिकार है। जिन पेंशनरों ने अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ समय प्रदेश और देश की सेवा में लगाया, आज उन्हें बीमारी की अवस्था में असहाय छोड़ देना सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
अतः मैं, समस्त समाज की ओर से, आपसे करबद्ध प्रार्थना करती हूँ कि पेंशनर रोगियों के लिए हिमकेयर/आयुष्मान/स्वास्थ्य कार्ड की सेवाएं तुरंत प्रभाव से पुनः बहाल की जाएं, विशेष रूप से उन पेंशनरों के लिए जो गंभीर व लंबी बीमारियों से पीड़ित हैं, ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक और समुचित उपचार मिल सके।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी और हजारों पेंशनर परिवारों को राहत प्रदान करेगी।
सादर,
रक्षा कंवर
समाजसेविका
शिमला हिमाचल प्रदेश।
02/02/2026